रूद्रप्रयाग(संवाददाता)। केदारनाथ धाम के रक्षक भकुंट भैरवनाथ के कपाट आज विधि विधान व पूजा अर्चना के पश्चात खुल गये हैं। बीते कल केदारनाथ के कपाट खुले थे।
पूर्व से ही परम्परा रही है कि केदारनाथ के कपाट खुलने के तुरन्त बाद आने वाले मंगलवार या शनिवार (जो भी पहले आये) को भैरव नाथ के कपाट खुलते हैं उसके बाद केदारनाथ धाम में होने वाली आरतियां सहित प्रसिद्ध सायंकालीन आरती शुरू हो जाती है। मान्यता है कि भैरवनाथ को केदारनाथ का रक्षक कहते हैं भैरव नाथ भगवान शिव के गणों में से प्रबल शक्तिशाली हैं। आज भैरव नाथ के कपाट खुलते समय केदारनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी बागेश लिंग सहित हक हकूक धारियों तीर्थ पुरोहितों की उपस्थिति में कपाट खुलने के बाद यज्ञ-हवन, पूजा-अर्चना हुई तथा भैरवनाथ के पश्वा अवतरित हुए तथा यात्रा की कुशलता का आशीर्वाद दिया।

