देहरादून(संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में गृह विभाग के अधीन छह फॉरेंसिक लैब वाहनों का फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 65 लाख की लागत वाले प्रत्येक फॉरेंसिक लैब वाहन में ड्रग डिडक्शन किट, एक्सप्लोजिव किट, फिंगर प्रिंट किट, फुट प्रिंट किट, डीएनए किट, फ्रिज, जनरेटर, साइबर सुरक्षा से संबंधित साफ्टवेयर, वीडियो कैमरा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि इन फॉरेंसिक लैब वाहनों के माध्यम से किसी भी अपराधिक घटना की मौके पर ही प्राथमिक परीक्षण संभव हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में यह फॉरेंसिक लैब वाहन देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल , ऊधमसिंह नगर , नैनीताल, अल्मोड़ा और श्रीनगर गढ़वाल भेजे जा रहे है और बाद में सभी जनपदों के लिए यह व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के लिए राज्य को केन्द्र सरकार से 3.92 करोड़ की धनराशि मिली है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, विधायक दिलीप रावत, सचिव गृह शैलेश बगौली, एडीजी और निदेशक फॉरेंसिक साइंस लैब अमित कुमार सिन्हा, संयुक्त निदेशक डॉक्टर एस के शर्मा, उप निदेशक डॉक्टर मनोज अग्रवाल, डॉक्टर पान सिंह, विशेषज्ञ डॉक्टर दयाल शरण, वैज्ञानिक डॉक्टर मोनिका और डॉक्टर राकेश कुमार शामिल थे।

