दीपावली से पहले चमोली पुलिस ने लोगों को दी सौगात

0
141

चमोली(संवाददाता)। पुलिस अधीक्षक चमोली रेखा यादव ने दीपावली से पहले लोगों को सौगात दी और 1० लाख कीमत से अधिक के 5० मोबाइल लौटाये और लोगों के चेहरे खिल गये। उन्होंने जनता से प्राप्त मोबाइल फोन गुमशुदगी की लिखित शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुये प्रभारी मोबाइल रिकवरी सेल को गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी हेतु त्वरित कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन सुश्री नताशा सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी मोबाइल रिकवरी सेल उप निरीक्षक नवनीत भंडारी एवं उनकी टीम द्वारा गुमशुदा मोबाइल फोन के आईएमईआई नम्बरों को सर्विलांस की सहायता से ट्रेस में लगाकर अलग-अलग स्थानों एवं कम्पनियों के लगभग 5० एक्टिव मोबाइल फोन को सकुशल बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि दीपावली से पहले पुलिस ने ऐसे लोगों को दीपावली का उपहार दिया, जिनके मोबाइल किसी तरह से गुम हो गए थे। इन लोगों ने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद ही छोड़ दी थी, अचानक जब पुलिस कार्यालय के मोबाइल रिकवरी सेल से फोन आया और गुम हो चुके मोबाइल वापस मिलने की खबर मिली तो इनके चेहरे खिल उठे। इन्हें शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में बुलवाया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा फोन स्वामियों के सुपुर्द कर दीपावली का तोहफा देते हुए आवेदकों के दिवाली सेलिब्रेशन को हैप्पी मूवमेंट में बदला है। इस दौरान कुछ लोगों के आंसू तक निकल आए, क्योंकि जो मोबाइल गुम हुआ, उसमें उनके कई यादगार फोटो थे। उनका कहना था कि इतना ही नहीं कई लोग दूसरा मोबाइल तक नहीं खरीद सके थे। ऐसे लोगों ने चमोली पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा मोबाइल रिकवरी टीम के उत्साहवर्धन हेतु 5०० रूपये के नगद पारितोषिक प्रदान करने की घोषणा की गयी है । एसपी ने साथ ही आए व्यक्तियों को बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध चरम पर है। उन्होंने बताया कि आए दिन नए-नए तरीकों से लोगों को ठगा जा रहा है। इसे रोकने के लिए जागरूक होने की जरूरत है। सभी लोगों को यह समझना होगा कि साइबर अपराध करने वाले लोग बड़े चालाक होते हैं। जिस प्रकार से अपराधियों के द्वारा इंटरनेट मीडिया को साइबर क्राइम का एक सशक्त माध्यम बनाकर प्रयोग किया जा रहा है। उससे बचने के लिए आपको खुद जागरूक होने के साथ ही दूसरों को भी जागरूक करना होगा। इस अवसर पर कई अन्य अधिकारी भी शामिल रहे।

LEAVE A REPLY