सीएम दुखी: कहां चले गये लापता लोग

0
248

प्रमुख संवाददाता
रूद्रप्रयाग/देहरादून। रूद्रप्रयाग के गौरीकुंड में आई बाढ और भूस्खलन में सत्रह लोगों के लापता होने पर उन्हें तलाशने के लिए बडा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री इस बात को लेकर काफी दुखी हैं कि बाढ में आखिर लापता लोग कहां चले गये? मुख्यमंत्री के आदेश पर आज भी बडा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और उसमें पुलिस बल के साथ अब नदी के किनारे लापता लोगों को खोजने के लिए पुलिस बल के डॉग स्कॉयड भी उतारे गये हैं जिससे साफ नजर आ रहा है कि लापता लोगों को खोजने के लिए मुख्यमंत्री कितने चिंतित हैं और उन्हें खोजने में कोई कसर नहीं छोड रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि चंद दिन पूर्व रूद्रप्रयाग के गौरीकुंड में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ से तीन नेपाली मूल के लोगों की मौत हो गई थी और सत्रह लोग लापता हो गये थे जिनकी तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। लापता लोगों की खोज का ऑपरेशन परखने के लिए आपदा प्रबंधन के सचिव रंजित सिन्हा और गढवाल मण्डल आयुक्त विनय शंकर पांडे गौरीकुंड का दौरा किया था और अफसरों को समूची टीम के साथ बडा सर्च ऑपरेशन चलाने का आदेश दिया हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लापता लोगों को खोज निकालने के लिए डीएम व पुलिस कप्तान को आदेश दे रहे हैं और इस पूरे सर्च ऑपरेशन पर वह अपनी पैनी निगाह लगाये हुये हैं। आज सुबह से एक बार फिर अगस्तमुनि और गुप्तकाशी इलाके में नदियों के किनारे पुलिस टीमें अपना सर्च ऑपरेशन चला रही हैं वहीं मुख्यमंत्री के आदेश पर नदी के किनारे लापता लोगों को खोजने के लिए डॉग स्कॉयड को भी उतारा गया है और वह नदियों के किनारे पत्थरों में भी लापता लोगों को तलाशने के लिए वहां अपना मिशन चलाये हुये हैं। गौरीकुंड इलाके में डॉग स्कॉयड लापता लोगों को खोजने के ऑपरेशन में पुलिस टीमों के साथ काम करता हुआ दिखाई दिया। मुख्यमंत्री लापता लोगों के अभी तक न मिलने पर काफी दुखी हैं और उन्होंने पौडी, टिहरी, हरिद्वार के पुलिस प्रशासन को भी इन लापता लोगों को जल पुलिस के माध्यम से खोजने का टास्क दिया है लेकिन अभी तक लापता लोगों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

LEAVE A REPLY