देहरादून(नगर संवाददाता)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता, विधायक एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा है कि भाजपा राज में राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राजधानी के वीआईपी मार्ग पर महिला की हत्या कर दी जाती है और यह जांच का विषय है। यहां विधानसभा में पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2०22 में राज्य सरकार को बने हुए डेढ़ वर्ष होने को आया है, प्रदेश की जनता से जो वादे किए गए उन पर खरा नहीं उतर पाई है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए राज्य की भाजपा सरकार के राज में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राजधानी में जब यह हाल है तो प्रदेश की स्थिति क्या होगी इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न्यायपालिका पर भरोसा है, लेकिन जांच एजेंसियों पर बिल्कुल भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर परीक्षाओं में हुई नकल की जांच सीबीआई और हाईकोर्ट के सिटिंग जज से लगातार करने की मांग कांग्रेस कर रही है लेकिन सरकार इस ओर चुप्पी साधे हुए है और दूसरी ओर बेरोजगार संघ के पदाधिकारी धरने व प्रदर्शन कर रहे है लेकिन सरकार इस ओर कोई एक्शन नहीं ले जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2०22 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन किसान अभी भी उससे वंचित है। उन्होंने कहा कि चमोली करंट हादसे में जो रिपोर्ट आई उसमें कितनी बड़ी लापरवाही हुई, लेकिन सरकार ने कोई ठोस करवाई नहीं की है।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी को लेकर सरकार एप लाने की बात करती है, लेकिन शासन और प्रशासन के सभी दावे फेल हो रहे है और स्मार्ट सिटी की दशा आज भी देखी जा सकती है और सारा काम अधूरा छोड़ा गया है और इसकी भी जांच की जानी चाहिए। इस अवसर पर वार्ता में विधायक आदेश चौहान, उत्तरकाशी के जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, पूर्व विधायक राजकुमार, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।
