जिम कॉर्बेट में चल रहे निर्माण कार्यों का कांग्रेस ने किया विरोध

0
100

देहरादून(नगर संवाददाता)। उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने आज प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए जिम कॉर्बेट में चल रहे निर्माण कार्यों का विरोध किया।
इस अवसर पर दसौनी ने बताया कि भाजपा जन युवा मोर्चा का राष्ट्रीय सचिव, उत्तराखण्ड प्रभारी भारतीय जन युवा मोर्चा, प्रवक्ता दिल्ली भाजपा हरिनगर (दिल्ली) से भाजपा का विधायक प्रत्याशी और बीए प्रोपर्टी वाला कंपनी का फाउण्डर सामाजिक ध्रुवीकरण और नफरत फैलाने के लिए मशहूर भाजपा नेता तेजेन्दर पाल सिंह बग्गा की कम्पनी बीए प्रोपर्टी वाला ने ट्विटर पर जिम कार्बेट का एक वीडियो डाला है जिसमे 18 कॉटेज बनाने के लिए एक प्रोजेक्ट लॉच करने की बात हो रही है जिसमें कंस्ट्रक्शन साईट जिम कॉर्बेट बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि 2 बीएचके के कॉटेज का दाम 68 लाख बताया जा रहा है,एक कॉटेज का ऐरिया 18०० स्क्वायर फीट बताया जा रहा है और इसमें निवेश करने के लिए लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। दसौनी ने कहा की धामी सरकार को निश्चित रूप से जांच करनी चाहिए की भूमि प्राइवेट है या सरकारी जिम कॉर्बेट के अंदर यह निर्माण कार्य किस की संस्तुति और सहमति पर हो रहे हैं क्योंकि इससे बड़े पैमाने पर जंगल, पर्यावरण और पशु पक्षियों को नुकसान होना तय है।
दसौनी ने चिंता जताते हुए कहा कि आज राज्य को हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर एक बहुत ही सख्त कानून की जरूरत है जो कि पहले राज्य में विद्यमान था लेकिन भाजपा की प्रचंड बहुमत की 57 विधायकों वाली त्रिवेंद्र रावत सरकार ने 2०18 में उत्तराखंड की भूमि को सभी बाहरी व्यक्तियों के लिए खोल दिया। उन्होंने कहा कि और अब जब बाहर से आने वाले कोई भी धर्म जाति समुदाय वर्ग के लोग यहां जमीनें खरीद रहे हैं तो अपने राजनीतिक फायदे के लिए लैंड जिहाद जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस अवसर पर दसौनी ने पूछा कि पहले उत्तराखंड की भूमि को गिरवी जब भाजपा ने ही रखा तो आज चीखने चिल्लाने का कोई नैतिक अधिकार भाजपा को नहीं है। इस अवसर पर दसौनी ने कहा कि उत्तराखंड पूरे भारतवर्ष की भूमि का मात्र 1.5 प्रतिशत हिस्सा है उसके बाद भी हमारे छोटे से राज्य में जमीन की लूट मची हुई है कोई न जमीनों की खरीद-फरोख्त को मॉनिटर कर रहा है और न ही यहां होने वाले निर्माण कार्य जिनका सीधे-सीधे असर हमारे प्रदेश के इकोसिस्टम और इन्वायरमेंट पर पड़ रहा है। दसौनी ने बताया कि इतना ही नहीं भाजपा का यह पदाधिकारी बीए प्रोपर्टी वाला हरिद्वार में भी 21 लाख में आवासीय प्लॉट बेचने की बात करता है, और तो और अयोध्या के राम मन्दिर से चार किलोमीटर दूर पांच सितारा होटल हेतु 8० हजार स्क्वायर फीट जमीन उपलब्ध होने की बात भी कहता है और अपने ट्वीटर के जरिये निवेशकों को उसके लिए आमंत्रित करता है। दसौनी ने कहा कि तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की संपत्ति की जांच भी होनी चाहिए कि कैसे इतने कम समय में जमीन खरीद-फरोख्त के इतने बड़े मामलों में तेजिंदर पाल सिंह बग्गा संलिप्त हैं।

LEAVE A REPLY