कार मे मिली ड्राईवर की लाश

0
178

देहरादून(प्रमुख संवाददाता)। पटेलनगर में चार दोस्त एक साथ दावत करने के लिए कहीं निकले थे और उसके बाद आज सुबह एक दोस्त की कार में दावत में गये इलाके के ही एक टैक्सी ड्राईवर की लाश मिली जिससे हडकम्प मच गया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि उनके अपने की एक साजिश के तहत हत्या की गई है जबकि पुलिस का कहना है कि ड्राईवर के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है लेकिन वह परिवार की शिकायत के आधार पर अपनी जांच करेंगे और डाक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जायेगा जिससे इस मौत का राज सामने आ जायेगा। हालांकि जिस कार में ड्राईवर की लाश मिली है उस सीट पर खून के धब्बे दिखाई दे रहे हैं वह इस मौत को रहस्यमय बना रहे हैं? अगर टैक्सी ड्राईवर की दम घुटने से मौत हुई तो फिर पिछली सीट पर काफी खून कैसे जमा हुआ है?
मिली जानकारी के अनुसार पटेलनगर क्षेत्रान्तर्गत पित्थूवाला निवासी संजित जो कि टैक्सी चलाने का काम करता है कल सुबह उसके तीन दोस्त उसे अपने साथ ले गये थे और रात तक वह वापस नहीं आये तो संजित के परिजनों ने खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। आज सुबह गांव में एक कार की पिछली सीट के आगे संजित गिरा हुआ था जिसके बाद इसकी सूचना इलाके की पुलिस को दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने जब कार को खुलवाया और उसमें मौजूद संजित की नब्ज देखी तो पाया कि वह मरा हुआ था और उसके शरीर पर सिर्फ बनियान और अंडरवियर मौजूद था जिसके चलते यह आशंकायें व्यक्त की जा रही है कि उसके दोस्तों ने उसकी हत्या की है। पुलिस ने जब कार की डिग्गी खुलवाई तो उसके अन्दर से शराब की दो पेटियां और दोनाली बन्दुक मिली। पुलिस ने जब पूछताछ का दौर शुरू किया तो पता चला कि मरने वाला टैक्सी ड्राईवर अपने साथियों के साथ दावत के लिए गया था और वहां उन्होंने एक साथ शराब पी थी और उसके बाद वह वापस आये तो कार में संजित का उन्हें पता नहीं चला और सम्भवत: दम घुटने से उसकी मौत हो गई। हालांकि परिवार के लोगों और कुछ लोगों को यह आशंका थी कि संजित को उसके साथियों ने एक साजिश के तहत मौत की नींद सुलाया है। वहीं इस बारे में जब सीओ पंकज गैरोला से सम्पर्क किया गया तो उनका कहना था कि मृतक े परिजन पुलिस को जो भी शिकायत देंगे उसकी जांच की जायेगी और डाक्टरों के पैनल से उसका पोस्टमार्टम कराकर उसके बिसरे को सुरक्षित रखा जायेगा और उसमें मौत का जो भी कारण सामने आयेगा उसके आधार पर पुलिस अपनी कार्यवाही करेगी। सीओ पंकज गैरोला का कहना है कि दावत करने गये सभी युवकों से पूछताछ की जा रही है और इस मामले जो भी सत्यता सामने आयेगी उसके आधार पर पुलिस कार्यवाही करेगी।

LEAVE A REPLY