देहरादून(नगर संवाददाता)। आईएसबीटी चौक पर यूथ कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ वर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने 2०19 में गृह मंत्री और आज देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर उनके इस्तीफे की मांग को लेकर पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज किया।
यहां इस अवसर पर यूथ कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ वर्मा ने कहा कि जम्मू और कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने एक इंटरव्यू में 2०19 में कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए हमले को सिस्टम की अक्षमता और लापरवाही का नतीजा बताया है। इस अवसर पर सिद्धार्थ वर्मा ने कहा कि जब हमने पुलवामा हमले के बारे में सवाल उठाये थे, तब हमें देशद्रोही कहा गया, आज वही सवाल सत्य हो रहे है, उन्होंने कहा कि जवाब आज देश के सामने है, उन्होंने कहा कि वर्तमान में रक्षा मंत्री 2०19 में गृह मंत्री रहे राजनाथ सिंह को आज नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिये और अगर उन्होंने उस समय प्रोटोकॉल के तहत सैनिकों के लिए हवाई जहाज की व्यवस्था की होती, तो तब जानमाल के नुकसान को टाला जा सकता था।
उन्होंने कहा कि पर उस समय बॉडर की रक्षा करने वाले देश के उन बहादुर सैनिकों की आवाज ग्रह मंत्रालय सुन लेता तो इतनी बड़ी संख्या में हमारे सैनिक शहीद नही होते, इसलिए आज उनकी लापरवाही के लिए आईएसबीटी में यूथ कांग्रेस ने राजनाथ सिंह का इस्तीफा मांगते हुए उनका पुतला दहन किया। इस मौके पर पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय जो खासतौर पर से जिम्मेदार है, उस समय राजनाथ सिंह गृह मंत्री थे और उनसे तब सीआरपीएफ ने अपने जवानों को ले जाने के लिए विमान उपलब्ध कराने की मांग की थी, लेकिन गृह मंत्रालय ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान रक्षा मंत्री को तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। इस मौके पर पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, पार्षद रमेश कुमार मंगू, मुकीम अहमद, पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह, भगवान सिंह बिष्ट, हरेंद्र चौधरी, जाहिद अंसारी, शैलेंद्र , तौफीक खान, मुरसलीन, यूथ कांग्रेस से प्रभारी महानगर नवीन रमोला, फारुख राव, आलोक मेहता, अब्दुल, अमनदीप सिंह बत्रा, राहुल प्रताप, दिनेश, कुणाल छाबड़ा, दीपक, गौरव पंवार, दीपक पाल सहित अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित थे।