नशामुक्ति केन्द्र में बेरहमी से हुआ था हत्याकांड

0
168

देहरादून(संवाददाता)। एक नशा केन्द्र में इलाज करा रहे युवक के साथ हैवानियत का तांडव करने वालों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने बेस बॉल बेट से बेरहमी से पीट-पीटकर उसे मौत की नींद सुला दिया था और उसके बाद कपडे में लपेटकर कार में रखकर उसके घर के बाहर फेंक दिया था। दिल दहला देने वाली इस घटना से राजधानी में हडकंप मच गया था और सीओ सदर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गुनाहगारों को जेल की सलाखों के पीछे भेजने का ऑपरेशन चलाया और हत्याकांड में शामिल चारो गुनाहगारों को दबोचकर उनके कब्जे से बेस बॉल बेट, स्विफ्ट कार और नशामुक्ति केन्द्र से सम्बन्धित दस्तावेजों को बरामद कर लिया। आज सभी गुनाहगारों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस कप्तान ने बताया कि विगत 11 अप्रैल को थाना क्लेमेंटटाउन में हेमंत निवासी लेन ०1 क्लेमेंट टाउन द्वारा लिखित सूचना दी गई कि उसका भाई सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू लगभग 2०-25 दिन पहले आराध्य फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र चंद्रबनी में भर्ती कराया गया था जिसको नशा मुक्ति केंद्र के संचालक प्रशांत जुयाल, अजय शर्मा ,मनीष कुमार, एवं मोहन थापा द्वारा बेरहमी से पीटकर उसकी हत्या कर दी थी और अगले दिन सुबह लगभग सात बजे सिद्धार्थ के मृत शरीर को कपड़े में लपेटकर हमारे घर के बाहर छोड़कर भाग गए थे। कप्तान ने बताया कि शिकायत के आधार पर तत्काल थाना क्लेमेंटटाउन पर हत्या एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति निवारण अधिनियम अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था और विवेचना सीओ सदर पंकज गैरोला के सुपुर्द हुई जिनके द्वारा तत्काल विवेचना ग्रहण कर घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन किया गया जिसमें पाया गया कि नशा केंद्र संचालक प्रशांत जुयाल एवं अजय शर्मा के द्वारा दस अप्रैल की रात में सिद्धार्थ के साथ काफी मारपीट की गई थी जिस कारण अगले दिन सुबह तक सिद्धार्थ की मृत्यु हो चुकी थी फिर प्रशांत के कहने पर अजय एवं मनीष कुमार एवं मोहन थापा के द्वारा प्रशांत की गाड़ी स्विफ्ट कार से मृतक सिद्धार्थ के शव को सिद्धार्थ के घर के बाहर क्लेमेंटटाउन में छोड़ा गया।
कप्तान ने बताया कि विवेचना में आरोपों की पुष्टि होने पर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन चलाया गया और देर रात चारों हत्यारों को चैकिंग दूधली चेक पोस्ट पर कार स्विफ्ट से गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से बेस बॉल बेट का डंडा और नशामुक्ति केन्द्र से सम्बन्धित दस्तावेज बरामद कर लिये। कप्तान ने बताया कि हत्या में प्रशांत, अजय शर्मा, मनीष कुमार, मोहन थापा को गिरफ्तार किया गया है जो कि क्लेमंनटाउन डोईवाला, डालनवाला के रहने वाले हैं। कुछ नशामुक्ति केन्द्रों में किस तरह से तांडव का नंगा नाच किया जाता है यह हत्या में पकडे गये चारो हत्यारों की गिरफ्तारी से साफ हो गया है।

LEAVE A REPLY