रिजॉर्ट बना अय्याशी का अड्डा

0
164

विकासनगर(सतपाल धानिया)। प्रदेश में इन दिनों रिसोर्ट की बाढ़ सी आ गई है। जो एक तरफ पर्यटन प्रदेश उत्तराखंड के पर्यटन के उद्देश्य को साकार कर रहे हैं, तो उनमें से कुछ रिसोर्ट अय्याशी का अड्डा बन प्रदेश की छवि को धूमिल कर रहे हैं। जहां नशा, शराब और शबाब को परोस कर रातों को रंगीन किया जा रहा है।
रात के अंधेरे में पुलिस की गाडिय़ां, लड़कियों से पूछताछ करती पुलिस और एक रिसोर्ट के बाहर अफरातफरी का माहौल। यह नजारा है सहसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत होरा वाला में जंगल किनारे बने जी वी ओ संजीवनी रिसोर्ट का। दरअसल स्थानीय पुलिस और पुलिस के आला अधिकारियों को इस रिसोर्ट के नाम पर संदिग्ध गतिविधियां संचालित करने और बाहरी लड़कियों की आवाजाही की शिकायतें मिल रही थी, जिसके चलते कल देर रात मानव तस्करी के विरुद्ध कार्य करने वाले एक्टिविस्ट ज्ञानेंद्र कुमार की शिकायत पर एसपी देहात सरिता डोभाल और सीओ डालनवाला अभिनव चौधरी की अगुवाई में सहसपुर थाना पुलिस सहित आसपास की थाना पुलिस ने एंट्री ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के साथ संयुक्त टीम बनाकर संजीवनी रिसोर्ट पर औचक छापामारी की । जिससे रिसोर्ट में हड़कंप मच गया। वहीं दूसरी ओर पुलिस की इस छापामार कार्रवाई के दौरान कई लड़कियां संदिग्ध अवस्था में मिली, साथ ही एक युवक से पुलिस को भारी मात्रा में चरस भी बरामद हुई। जिसके चलते युवतियों से पूछताछ में सामने आया कि उनसे रिसोर्ट में नौकरी के नाम पर अनैतिक देह व्यापार कराया जाता है। जिसके चलते मौके पर पहुंची टीम ने रिसोर्ट से पंद्रह लड़कियों का रेस्क्यू करते हुए, मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। जबकि इस बीच रिसोर्ट संचालक अमित गर्ग और एक अन्य संजय मौका देखकर फरार हो गए।आपको बता दें कि रिजॉर्ट में आपत्तिजनक हालत में पाई गई युवतियां दिल्ली पंजाब हरियाणा चंडीगढ़ गाजियाबाद की बताई जा रही है मानव तस्करी पर अंतराष्ट्रीय स्तर पर कार्य करने वाले एक्टिविस्ट ज्ञानेंद्र कुमार का कहना है कि संजीवनी रिजॉर्ट में लंबे समय से यह खेल चल रहा था जिसकी शिकायतें लंबे समय से मिल रही थी जिस पर आज पुख्ता सूचना पर कार्यवाही करते हुए एसएसपी देहरादून दिलीप सिंह कुंवर को जानकारी दी गई उनके द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई जिसमे सी ओ डालनवाला अभिनव चौधरी एसपी सिटी सरिता डोभाल ने कमान संभाली कार्यवाही में कई थाना क्षेत्र के थानाध्यक्ष सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

बहरहाल पुलिस ने मामले में अनैतिक देह व्यापार, एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। साथ ही फरार आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं। वहीं दूसरी ओर इस मामले को लेकर कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत का कहना है कि अनैतिक काम करने वालों को किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा, वह चाहे कोई भी व्यक्ति हो उसे शक्ति से निपटा जाएगा। बहरहाल अब देखना यह होगा कि अनैतिक काम को संचालित कर रहे इस संजीवनी रिसोर्ट पर कोई ठोस कार्रवाई भी हो पाती है या नहीं। देखना यह भी होगा कि क्षेत्र में संचालित इस तरह के रिसोर्ट और होटलों पर कब कार्रवाई अमल में लाई जाती है। सवाल यह भी है कि क्या धामी का बुलडोजर इन अनैतिक कामों में संलिप्त होटल और रिसोर्ट पर भी गरज पायेगा।

LEAVE A REPLY