गालों पर सीबीआई लिखकर बेरोजगारों ने किया होली का प्रतीकात्मक बहिष्कार

0
217

देहरादून(नगर संवाददाता)। राज्य गठन से लेकर अब तक की भर्ती घोटालों की सीबीआई से जांच कराये जाने की मांग को लेकर उत्तराखंड बेरोजगार संघ द्वारा धरना स्थल एकता विहार में अनिश्चिकालीन सत्याग्रह जारी रहा। इस अवसर पर बेरोजगारों ने सरकार व आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, सामाजिक कार्यकर्ता पंडित मनीष कुमार गौनियाल, अधिवक्ता पंकज क्षेत्री आदि ने अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर युवा बेरोजगार एवं बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार के साथ साथ धरना स्थल पर अपने गालों पर सीबीआई लिखकर होली का प्रतीकात्मक बहिष्कार किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार व लोक सेवा आयोग लगातार युवाओं के साथ छल कर रहा है और लगातार परीक्षायें लीक हो रही है लेकिन राज्य सरकार सीबीआई से जांच कराने में कतरा रही है और इसका पुरजोर तरीके से विरोध किया जायेगा। सरकार को शीघ्र ही अब तक के सभी भर्ती घोटालों की सीबीआई से जांच कराय।
इस अवसर पर उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बॉबी ने कहा कि युवाओं की इस लड़ाई को प्रदेशव्यापी लड़ाई बनाकर युवाओ एवं अभिभावकों की जायज मांगो को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर बॉबी पंवार ने आरोप लगाते हुए कहा कि नकलविरोधी कानून के क्रम संख्या 11 के सब क्लॉज 2 में जो बात कही गयी है वह बेरोजगार छात्रों की आवाज को दबाने का एक प्रयास है ।
उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा बेरोजगार युवाओं की आवाज को दबाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है ओर हर रोज नोटिस दिए जा रहे हैं किंतु हम डरने वाले नहीं हैं। बॉबी पंवार ने कहा बेरोजगारों की ये भारी संख्या इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि युवा सीबीआई जांच के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बेरोजगार संघ पिछले ०8 फरवरी से लगातार प्रदेश के युवाओं के बेहतर एवं सुरक्षित भविष्य के लिए पारदर्शी परीक्षा तंत्र विकसित करने एवं उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग एवं उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की गई तमाम भर्ती परीक्षाएं, जिनमें भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि उन सभी की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। उत्तराखंड बेरोजगार संघ का कहना है कि हम कल भी अपनी मांगों को लेकर अडिग थे, आज भी अडिग हैं और जब तक सरकार सीबीआई जांच की सिफारिश नहीं कर देती तब तक हम अडिग रहेंगें। इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने भी विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता पंडित मनीष कुमार गौनियाल, अधिवक्ता व कांग्रेसी नेता पंकज क्षेत्री, बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार, संघ के प्रवक्ता सुरेश सिंह सहित अनेकों युवा बेरोजगार उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY