डोबाल की रडार में फंसे गैमलर
अमेरिकी भी जुए के अड्डे पर खेल रहा था चौसर
देहरादून। जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल के निर्देशन में दून पुलिस ने राजपुर क्षेत्र में एक बड़े जुए के अड्डे का भंडाफोड़ कर सनसनी फैला दी। पुलिस की इस कार्रवाई में एक अमेरिकी नागरिक सहित तेरह लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। मौके से भारी मात्रा में नकदी, अमेरिकी डॉलर, ताश की गड्डियां, डाइस और जुए में इस्तेमाल होने वाली चिप्स बरामद हुई हैं।
पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि राजपुर क्षेत्र में हेलीपैड के पास स्थित एक निजी मकान में लंबे समय से बड़े स्तर पर जुए का खेल संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रमेंद्र डोबाल ने तत्काल एक्शन करने का हुक्म दिया था। इसके बाद क्षेत्राधिकारी डालनवाला नितिन लोहानी के नेतृत्व में थाना राजपुर और एसओजी की संयुक्त टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने हेलीपैड के पीछे क्रिस ज्योति स्कूल मार्ग पर स्थित मकान को चारों ओर से घेर लिया। अचानक हुई कार्रवाई से अंदर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने किसी को भागने का मौका नहीं दिया। मकान के भीतर चार अलग-अलग टेबलों पर जुए का खेल चल रहा था, जहां बड़ी रकम दांव पर लगाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से तेरह लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें अमेरिका के ओरेगन निवासी तासी दाण्डो भी शामिल है।
तलाशी के दौरान पुलिस को 1 लाख 52 हजार 870 रुपये नकद, 41 अमेरिकी डॉलर, 167 ताश की गड्डियां, 625 डाइस और 118 जुआ चिप्स बरामद हुईं। बरामदगी का आंकड़ा इस बात की ओर इशारा करता है कि यह कोई सामान्य जुआ नहीं बल्कि संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा बड़ा खेल था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा इसके तार कहीं अन्य स्थानों से तो नहीं जुड़े हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
प्रमेंद्र डोबाल के नेतृत्व में दून पुलिस लगातार अपराधियों और अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कस रही है। हाल के दिनों में नशा तस्करों, जुआ संचालकों, वांछित अपराधियों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है। राजपुर में हुई यह कार्रवाई भी उसी अभियान की एक बड़ी कड़ी मानी जा रही है। दून पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जनपद में कानून से खिलवाड़ करने वालों, अवैध कारोबार चलाने वालों और अपराध को बढ़ावा देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की पैनी नजर ऐसे सभी ठिकानों पर बनी हुई है और आने वाले दिनों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।