खनन में लिप्त ट्रैक्टर ट्रॉली ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर

0
108

विकासनगर (मनोज सैनी)। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत अवैध खनन करने वाले ट्रैक्टर ट्रॉली ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे ई रिक्शा चालक और महिला सवार बूरी तरह घायल हो गई। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों की सहायता से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उपचार के दौरान ई रिक्शा चालक ने दम तोड़ दिया जबकि घायल महिला की हालत नाजुक बतायी जा रही है।
शनिवार कंट्रोल रूम से कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि चाय बागान हनुमान मंदिर के पास एक ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी है, जिसमें ई-रिक्शा चालक और उसमें सवार महिला बूरी घायल हो गई है। सूचना के बाद वरिष्ठ उपनिरीक्षक भुवन पुजारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जहां घायल ई रिक्शा चालक विजय उर्फ बबलू (45) पुत्र नाथीराम निवासी लक्ष्मीपुर बरोटीवाला थाना विकासनगर और ई रिक्शा में सवार देवेंद्र कौर(48) पत्नी सुरजीत सिंह निवासी बिनोवानगर छरबा थाना सहसपुर को उपचार हेतु लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद ई रिक्शा चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया, उपचार के दौरान कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती चालक विजय को डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया जबकि देवेंद्र कौर का उपचार लेहमन अस्पताल में चल रहा है। घटना में ई-रिक्शा व ट्रैक्टर को सुरक्षा की दृष्टि से थाना विकासनगर में खड़ा किया गया। कोतवाल विकासनगर शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि रविवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पीडि़त पक्ष की ओर से तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जायेगी।

LEAVE A REPLY