आपसी समन्वय स्थापित करें विभाग, टाले नहीं

0
139

देहरादून(नगर संवाददाता)। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब के तत्वावधान में में आयोजित आठवीं अंतर विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ कर उत्तराखंड राज्य के विभिन्न विभागों से आए बैडमिंटन खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन देने का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारी सरकार के दर्पण होते है।
यहां परेड ग्राउंड स्थित बहुउददेशीय क्रीडा सभागार में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ बैडमिंटन खेलकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल भावना का सभी परिचय देते हुए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड के युवा पदक जीत रहे है और भारतवर्ष में तिरंगा फहरा रहे है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से एक दूसरे के साथ समय बीताने और एक दूसरे को समझने का वक्त मिलता है। उन्होंने कहा कि इससे परस्पर संबंध बनते है और विभिन्न विभागों के प्रतिभागी यहां पर पहुंचे है। उन्होंने कहा कि इसका असर कार्य क्षेत्र में भी भागीदार करता है और आपस में बेहतर तालमेल बनते है। उन्होंने कहा कि विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करने चाहिए और काम को टालना नहीं चाहिए आर न ही एक दूसरे पर किसी भी काम के प्रति निर्भर नहीं रहना चाहिए और त्वरित गति से कामकाज निपटाने चाहिए और सभी के सहयोग से राज्य निरंतर प्रगति की ओर बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता आगे का भी मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि यह सब लोगों का राज्य है और भगवान व प्रकृति के द्वारा यहां पर प्राकृतिक संपदाओं सहित अनेकों वस्तुयें मिली है। राज्य में बारह माह प्रवाह करने वाली नदियां है और जो भारतवर्ष को सींचने का काम कर रही है तथा चारों ओर देवस्थान है। उन्होंने कहा कि 71 प्रतिशत संपदा वनों पर आधारित है और पर्वतों व देवी देवताओं से आच्छादित है। उन्होंने कहा कि राज्य का निर्माण करने में मातृशक्ति, कर्मचारियों, अधिकारियों, अधिवक्ताओं, युवाओं एवं पत्रकारों का अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को हर क्षेत्र में आगे बढाने का काम तेजी के साथ चल रहा है और सड़कों का राज्य में जाल बिछ गया है और कुछ दिनों के बाद देहरादून से दिल्ली दो से ढाई घंटे के बीच आराम से पहुंचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस बार चुनौती पूर्ण चार धाम यात्रा में 5० लाख श्रद्धालु राज्य में आये और कांवड यात्रा में चार करोड कावडियों ने हरिद्वार में जलाभिषेक कर अपने अपने घरों को गंगाजल ले गये जो एक रिकार्ड है और अपने प्राकृतिक संसाधनों के सही उपयोग से हमें उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए सभी की सहभागिता अति महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए मसूरी में ०3 दिन के चिंतन शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही वह सचिवालय के अनुभागों के अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे। इस अवसर पर उन्होंने खिलाडिय़ों को अपनी शुभकामनायें दी। इस अवसर पर बताया गया कि प्रतियोगिता 19 दिसम्बर तक चलेगी और इसमें प्रदेश के विभिन्न विभागों की 25 टीमें प्रतिभाग कर रही है।
इस अवसर पर बैडमिंटन खिलाड़ी पुनीता नागलिया, उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब के अध्यक्ष पन्ना लाल शुक्ला, उपाध्यक्ष महावीर सिंह चौहान, महासचिव प्रमोद कुमार, उप निदेशक खेल धर्मेन्द्र भट्ट, जिला क्रीडा अधिकारी शबाली गुरुंग, जे पी मैखुरी, सचिवालय बैडमिंटन संघ के अन्य पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के खिलाड़ी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY