मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे विधायक बेहड़ को पुलिस ने रोका

0
141

देहरादून(नगर संवाददाता)। किच्छा विधानसभा क्षेत्र की अनेकों समस्याओं के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलने जा रहे किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ को पुलिस ने हाथीबड़कला पुलिस चौकी के पास बैरीकैडिंग लगाकर रोक लिया और पुलिस की इस कार्यवाही से आक्रोशित विधायक वहीं पर धरने पर बैठ गये। विधायक के धरने पर बैठने पर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा सहित अनेकों कार्यकर्ता वहां पहुंचे और उनका समर्थन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में जंगलराज चल रहा है। उन्होंने कहा कि कल से होने वाले शीतकालीन सत्र में वह विधानसभा में भी धरने पर बैठेंगें। यहां जिला ऊधम सिंह नगर की किच्छा विधानसभा में सत्ताधारी नेताओं के इशारे पर बढ़ रही गुडागर्दी, अवैध खनन, गौ मांस की तस्करी पुलिस की मिलीभगत से पनप रहे अपराधियों पर अंकुश लगाने व कानून व्यवस्था दुरूस्त करने की मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक तिलकराज बेहड़ व अन्य कांग्रेसजनों ने मुख्यमंत्री आवास के समीप प्रदर्शन कर धरना दिया और काफी देर तक धरने पर बैठने के बाद में नायब तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।
इस अवसर पर किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र में लगातार गुडागर्दी बढ़ रही है और सत्ताधारी दल के इशारे पर पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं, छात्र नेताओं व व्यापारियों का लगातार उत्पीडऩ कर रही है और अब तक आठ लोगों को जख्मी कर दिया है और उनके हाथ, पैर तोड़ दिये है और पुलिस ने मामूली धाराओं में चालान किये है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी सीओ पर किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं कर पा रहे है। उन्होंने कहा कि आज किच्छा में जंगलराज चल रहा है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमले किये जा रहे है और क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी की मिलीभगत से मामूूली धाराओं में मुकदमें दर्ज कर खानापूर्ति करके गिरफ्तारी कर ली जाती है। उन्होंने कहा कि अपराधियों का पुलिस की वर्दी का कोई खौफ नहीं बचा है और कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है जिस कारण व्यापारियों में भी भारी रोष है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन सीओ की मिली भगत से और सत्ताधारी दल के संरक्षण मे ंखूब चल रहा है और रात्रि दो बजे अवैध खनन की गाडियां नदियों से निकाली जाती है और इससे प्रदेश को राजस्व की हानि किच्छा पुलिस के अधिकारियों की मिली भगत से की जा रही है और तालाब खुदाई के नाम पर उठ रही मिट्टी को सत्ताधारी नेताओं के आशीर्वाद से बेचा जा रहा है और सरकार को राजस्व की हानि पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़े सुनियोजित तरीके से गौ मांस की तस्करी सत्ताधारी नेताओं के संरक्षण में की जा रही है और गौ मांस तस्करों को किच्छा पुलिस का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी गौ तस्करों के साथ बाजार में खुलेआम घूमते हुए नजर आते है जो कि साफ दर्शाता है कि किच्छा में कानून व्यवस्था का क्या हाल है।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ को रोके जाने पर पुलिस पर नाराजगी व्यक्त की है और उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र कल से शुरू हो रहा है और समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलना आम बात है और प्रदेश में हिटलरशाही रवैया चल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पुलिस आतंकवादी को पकड़कर ले जाती है और यहां की पुलिस को भनक भी नहीं लगती है। उन्होंने कहा कि विधायक आतंकवादी है क्या जो उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने नहीं दिया जा रहा है और यह चुने हुए जन प्रतिनिधि का अपमान है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड, केदार भंडारी मामले में और दुष्कर्म की घटनाओं पर रोक लगाने के बजाय सबूतों को मिटाने पर राज्य की पुलिस लगी हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि रजवाडों का राज आ गया है। इस अवसर पर धरने में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, मनीष नागपाल, अर्जुन सोनकर, आनंद त्यागी, गौतम डोगरा, अनिल नेगी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

LEAVE A REPLY