पुष्कर राज में हाकम के आलीशान रिजॉट पर बुलडोजर चलने का इंतजार

0
112

देहरादून(प्रमुख संवाददाता)। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सभी जिलाधिकारियों को आदेश दिया है कि किसी भी जनपद में अगर अवैध रूप से रिजॉट बना है तो उस पर बुलडोजर चलाया जाये। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद सिस्टम गहरी नींद से जागने लगा है और नैनीताल के रामनगर में पांच रिजॉट को जिस तरह से प्रशासन ने सील किया है उससे यह सवाल भी खडे होने लगे हैं कि आखिरकार जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के आदेश के बाद ही क्यों इन रिजॉट में कमी दिखाई दी जिसके बाद उन्हें सील कर दिया गया? अब उत्तराखण्ड की जनता इस बात का इंतजार कर रही है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड करने वाले हाकम सिंह रावत का अवैध रूप से बना आलीशान रिजॉट कब जमीदोज होगा? सवाल यह भी खडे हो रहे हैं कि पुष्कर राज में हाकम के रिजॉट पर कब तक बुलडोजर चलने की धमक सुनाई देगी जिससे राज्य में यह संदेश चला जाये कि मुख्यमंत्री का इंसाफ सबके साथ एक समान दिखाई दे रहा है?
उल्लेखनीय है कि उत्तराखण्ड के सैकडों युवाओं को पेपर लीक कराकर उन्हें नौकरियों में फिट कराने वाले हाकम सिंह रावत को एसटीएफ ने पकडने में जिस तरह से देर लगाई उससे उसकी कार्यशैली सवालों के घेरे में आज भी बनी हुई है? हाकम सिंह रावत ने भ्रष्टाचार से दौलत का जो किला खडा किया वह सबके सामने है और वह राज्य के अन्दर कुछ सफेदपोशों और कुछ अफसरों की बदौलत सरकारी जमीन पर भी कब्जा करने से पीछे नहीं हटा और उसने अपना आलीशान रिजॉट बनाया लेकिन वह भी जांच पडताल के दौरान अवैध ही निकला? इतना ही नहीं सरकारी जमीन पर भी दो सेब के बाग खडे हो गये लेकिन जिम्मेदार विभाग के कुछ अफसर हाकम सिंह रावत के मोह में इतने लीन थे कि उन्होंने सरकारी जमीनों पर भी कब्जा कर रहे हाकम सिंह के अवैध कब्जे के खेल को देखकर वह घृतराष्ट्र बन गये थे? एसटीएफ ने जब अपनी जांच पडताल की तो यह बात सामने आई कि हाकम सिंह रावत का रिजॉट अवैध है और उसने सरकार की जमीन पर ही सेब के दो बगीचे लगा लिये थे। अब राज्यवासियों को इंतजार है कि आखिरकार पुष्कर राज में हाकम सिंह रावत जैसे ताकतवर नेता के अवैध रिजॉट पर जिला प्रशासन कब बुलडोजर चलाने के लिए आगे आयेगा? सवाल यह भी है कि मुख्यमंत्री को ऐसे अफसरों पर भी कार्यवाही करनी चाहिए जिन्होंने अपने कार्यकाल में हाकम सिंह रावत का अवैध रिजॉट खडा करा दिया और सरकारी जमीन पर सेब के दो बाग लगने पर भी उन्होंने चुप्पी साध रखी थी?

LEAVE A REPLY