देहरादून(प्रमुख संवाददाता)। उत्तराखण्ड को आदर्श राज्य बनाने का मिशन देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुष्कर सिंह धामी को सौंप रखा है और यही कारण है कि राज्य में बडे-बडे फैसले लेने के लिए मुख्यमंत्री को भाजपा हाईकमान ने फ्रीहैंड कर रखा है। उत्तराखण्ड के इतिहास में जो काम बाइस सालों में राज्य का कोई पूर्व मुख्यमंत्री नहीं कर पाया वह काम मोदी के सखा पुष्कर सिंह धामी धाकड तरीके से करते हुये आगे बढ रहे हैं। उत्तराखण्ड को भ्रष्टाचार व घोटालेमुक्त करने की दिशा में उन्होंने जो एतिहासिक फैसले लिये उससे राज्य की जनता भी उनकी कायल हो गई है और अब देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पुष्कर सिंह धामी का संकल्प है कि वह उत्तराखण्ड को नम्बर वन बनायेंगे।
उत्तराखण्ड में भ्रष्टाचार का शोर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कानों में भी कई बार गूंजा और यही कारण रहा कि उन्होंने पुष्कर सिंह धामी को राज्य की सत्ता सौंपकर उन्हें राज्य से भ्रष्टाचार और माफियातंत्र पर नकेल लगाने का टास्क दिया था। प्रधानमंत्री के टास्क पर पुष्कर सिंह धामी खरे उतरते जा रहे हैं और वह जहां राज्य को विकास के पथ पर तेजी से आगे ले जा रहे हैं वहीं उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ खुली जंग शुरू कर रखी है और उसी के चलते भ्रष्टाचारियों का संहार हो रहा है और युवा पीढी को अब उम्मीद है कि उनके साथ आज तक नौकरियों में हुये अन्याय का इंसाफ पुष्कर सिंह धामी दिलायेंगे।
