कावडियों का स्वागत

0
110

संवाददाता
देहरादून। उत्तराखण्ड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कांवड यात्रा को एतिहासिक बनाने के लिए सिस्टम के साथ बडी तैयारी की और हरि के द्वार पर कांवडियों का स्वागत करने का संकल्प लिया था। इसी संकल्प को आज पूरा करते हुए राज्य के सीएम ने शिवभक्तों का वैलकम किया और कावंडियों के पैर धोकर उन्हें जो सम्मान दिया उससे कांवडिये भी गद्गद् नजर आये।
आज सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हरि के द्वार में डामकोठी के निकट गंगा घाट पर शिवभक्तों का वैलकम किया और कावंड यात्रा में देवभूमि आये शिवभक्तों के चरण धोकर एवं गंगाजलि देकर उनका स्वागत किया तथा कहा कि मां गंगा की कृपा सब पर बनी रहे। सीएम ने इस मौके पर डामकोठी में पौधा भी लगाया। उत्तराखण्ड के इतिहास में ऐसा पहली बार देखने को मिला कि जब राज्य के किसी मुख्यमंत्री ने कांवड लेकर आये शिवभक्तों का सम्मान करते हुए उनके चरण धोकर उन्हें गंगाजल भेट के रूप में दिया हो। कावंडियों का यह स्वागत हरि के द्वार में आने वाले करोडो कांवडियों को एक नये अनुभव की अनुभूति करायेगा और उसी के चलते आस्था के पथ पर आने वाले कांवडियों के मन में उत्तराखण्ड सरकार को लेकर एक बडा विश्वास जागेगा कि देवभूमि में शिवभक्तों का सरकार ने कितना बेहतर स्वागत किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड आये शिव भक्तों में भगवान शिव का अंश दिखता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चले, इसके लिए सरकार द्वारा कांवड़ यात्रा के लिए पहली बार अलग से बजट की व्यवस्था की गई। सभी कांवड़ श्रद्धालु गंगा जल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। श्रद्धालुओं को राज्य में कोई भी परेशानी न हो, इसके लिए राज्य सरकार द्वारा हर सम्भव सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किये गये हैं। कांवड़ मेले के सुचारू प्रबंधन के लिए मुख्यमंत्री ने सामाजिक संस्थाओं, स्वयं सेवी संस्थाओं, शासन एवं जिला प्रशासन के कार्यों की भी सराहना की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में इस वर्ष चारधाम एवं कांवड़ में रिकॉर्ड श्रद्धालु आ रहे हैं। अभी तक 27 लाख से अधिक रजिस्टर्ड श्रद्धालु चारधाम दर्शन के लिए आ चुके हैं। आज 28 लाख से अधिक कांवड़ यात्री देवभूमि उत्तराखण्ड में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं को किसी भी परेशानी का सामना न करने पड़े, इसके लिए उच्च स्तर पर एक वाट्सप ग्रुप भी बनाया गया है, इस ग्रुप के माध्यम से सभी व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की जा रही है, मुख्यमंत्री स्वयं इस ग्रुप से जुड़े हैं।

LEAVE A REPLY