विकासनगर(संवाददाता)। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश की आंगनबाड़ी वर्कर्स की परेशानियों को लेकर मोर्चा द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की मंत्री रेखा आर्य पर जबरदस्त प्रहार कर उनको जगाने का काम किया था तथा शासन में भी इन वर्कर्स की मांगों को सचिव के समक्ष रखा गया था और उन्होंने कहा कि मोर्चा की मेहनत रंग लाई और मंत्री रेखा आर्य को आंगनवाडी वर्कर्स की चिंता सताने लगी है।
यहां जारी एक बयान में नेगी ने कहा है कि एक-आध दिन पहले ही उक्त मांगों पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य द्वारा संज्ञान लेकर सचिव को इनकी समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए गए एवं वर्कर्स की पीड़ा पर गंभीरता से विचार कर निस्तारण करने के भी निर्देश दिए, जोकि मोर्चा की बहुत बड़ी है।नेगी ने कहा कि आंगनवाड़ी वर्कर्स को लगभग तीन से चार माह से मानदेय नहीं मिल पाया था तथा लगभग दो वर्ष से भवन किराया (जिसमें केंद्र संचालित होता है) नहीं मिल पाया, जिस कारण भवन स्वामी आंगनबाड़ी वर्कर्स पर किराया चुकाने को लगातार दबाव बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार टीएचआर का भुगतान भी सात -आठ माह से नहीं हुआ था।इस अवसर पर नेगी ने कहा कि देर से ही सही, लेकिन सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि मोर्चा को उम्मीद है कि आंगनवाड़ी वर्कर्स की परेशानियां जल्द खत्म होंगी। उन्होंने कहा कि मोर्चा लगातार इस प्रकार की समस्याओं को उठाता रहेगा और उन्हे हल कराने के लिए शासन पर व्यापक स्तर पर दवाब बनायेगा।
