देहरादून(संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए जिस जज्बे के साथ आगे आये हैं उससे साफ नजर आ रहा है कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट देखकर देश और दुनिया के लोग भी हैरत में पड जायेंगे। मुख्यमंत्री ने जहां केदारनाथ में चल रहे निर्माण कार्यों पर अपनी पैनी नजर बना रखी है वहीं केदारनाथ में चल रहे दूसरे चरण का काम भी मुख्यमंत्री की देखरेख में सुचारू रूप से चल रहा है और अब बद्रीनाथ धाम में भी काम शुरू हो गया है और इन कार्यों को देखने के लिए मुख्यमंत्री खुद बद्रीनाथ पहुंचे और साफ कहा कि अब नवनिर्माण तेजी से होगा।
मीडिया से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के चारोधामों में हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। तीर्थयात्रियों की यात्रा सुगम हो, इसके लिए सरकार संकल्पबद्ध है। प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत बद्रीनाथ धाम में भी तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए ढांचागत विकास कार्य किये जा रहे हैं और स्थानीय लोगों के सहयोग से बद्रीनाथ धाम में विकास कार्य किये जायेंगे। मास्टर प्लान के तहत स्ट्रीट स्कैपिंग, क्यू मैनेजमेंट, मन्दिर एवं घाट सौन्दर्यकरण, तलाबों का सौन्दर्यकरण, बद्रीश वन, पार्किंग सुविधा, सडक एवं रिवर फ्रंट डेवलपमेंट आदि निर्माण कार्य चरणबद्ध ढंग से किये जायेंगे और बद्रीनाथ मन्दिर के चारो ओर श्रद्धालुओं के आगमन की सुविधाओं को बेहतर बनाया जायेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बद्रीनाथ पहुंचकर मास्टर प्लान के तहत संचालित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मास्टर प्लान के तहत संचालित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि निर्माण कार्यो को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। इस दौरान सीएम ने रिवर फ्रंट डेवलपमेंट, एराइवल प्लाजा, झीलों का सौंदर्यीकरण, अस्पताल का विस्तारीकरण, लूप रोड व बीआरओ बाईपास निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्यो की प्रगति पर संतुष्टि व्यक्त की। जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने मुख्यमंत्री को मास्टर प्लान के तहत प्रथम चरण में संचालित कार्यो की प्रगति से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट केदारनाथ धाम की तर्ज पर बद्रीनाथ धाम को भी विकसित करने हेतु मास्टर प्लान के तहत चरणबद्ध ढंग से बुनियादी ढांचे का विकास किया जा रहा है। जिसमें पहले चरण का कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान श्री बद्रीनाथ की विशेष पूजा अर्चना करते हुए देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना भी की। बद्रीनाथ धाम में तीर्थयात्रियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, एडीएम आशीष त्रिपाठी, एसडीएम कुमकुम जोशी, सीओ धन सिंह तोमर, सीओ नताशा सिंह, सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र रावत, मंदिर समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार सहित मास्टर प्लान से संबंधित जिला स्तरीय विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
