महात्मा गांधी के बजाय जिन्ना के पदचिह्नों पर चल रही कांग्रेस: शिवराज सिंह चौहान

0
174

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। चैहान ने कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी के बजाय जिन्ना के पदचिह्नों पर चल रही है जो देश को बर्बाद कर देगी। शिवराज सिंह चैहान असम के डिब्रूगढ़ जिले के नाहरकटिया में चुनाव सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही कांग्रेस पूर्वोत्तर का विकास करने में पूरी तरह से विफल रही है।

वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, कांग्रेस महात्मा गांधी का अनुकरण नहीं कर रही है। कांग्रेस और राहुल गांधी जिन्ना के नक्शेकदम पर चल रहे हैं। जिन्ना के कदम असम और भारत को बर्बाद कर देंगे। उन्होंने असम में एआइयूडीएफ, बंगाल में आइएसएफ और केरल में आइयूएमएल जैसी पार्टियों के साथ कांग्रेस के गठबंधन का हवाला देते हुए उक्त बातें कही।

बांटो और राज करो की नीति पर चल रही है कांग्रेस

चैहान ने कहा कि कांग्रेस ने बदरुद्दीन अजमल के साथ गठबंधन किया है, जिन्होंने असम को घुसपैठियों से भर दिया है। अजमल का धंधा इत्र का है, लेकिन वह समाज में जहर फैला रहे हैं। अगर नागराज और सांपराज के बीच गठबंधन होगा तो इससे असम का विकास नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि इन दलों के साथ गठबंधन कर कांग्रेस बांटो और राज करो की नीति पर चल रही है।

एमपी के सीएम ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता देश को उत्तर और दक्षिण में बांटते हैं। असम में भी वह वही राजनीति कर रहे हैं और विभिन्न आदिवासी और अन्य समुदायों के बीच दरार पैदा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा कि राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के नेतृत्व में कांग्रेस इतिहास बन जाएगी।

LEAVE A REPLY