सुब्रमण्यम स्वामी को मैंने अपना हीरो एवं आदर्श माना है: उमा भारती

0
160

मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने मंगलवार सुबह कई ट्वीट किए और कहा कि सुब्रमण्यम स्वामी को मैंने अपना हीरो एवं आदर्श माना। जब मैंने अपने लेख में उन्हें अपना हीरो और आदर्श कहा तो बहुत लोग प्रसन्न हुए और कुछ लोग नाराज भी हुए। उन्होंने एक बार फिर तीखे तेवर दिखाए हैं। उन्होंने लिखा कि स्वामी भारत की राजनीति के सर्वाधिक बुद्घिमान, भारतीय अर्थ नीति की गहरी समझ वाले विद्वान हिंदू हैं। उमा ने यह भी कहा कि मेरे नेता अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और राजमाता सिंधिया हैं।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2019 में उमा भारती ने चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की थी। इसके बाद उन्हें भाजपा की नई टीम में भी कोई पद नहीं मिला। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की टीम में उमा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थीं। लंबे समय से उमा भारती अपने बयानों से पार्टी नेतृत्व को परेशानी में डालती रही हैं। कुछ दिन पहले ही उन्होंने मध्य प्रदेश सहित तमाम भाजपा शासित राज्यों में शराबबंदी किए जाने का ट्वीट किया था। हाल ही में उन्होंने राज्यसभा सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम स्वामी पर एक लेख लिखा था।

सुब्रमण्यम स्वामी देश के बेहद प्रतिभाशाली नेता

उमा ने अपने ट्वीट में लिखा कि सुब्रमण्यम स्वामी देश के बेहद प्रतिभाशाली नेता हैं लेकिन उनकी प्रतिभा का सही उपयोग नहीं हो पाया। स्वामी मेरे आदर्श हैं। कलयुग की त्रासदी है कि कौए खीर खा रहे हैं और हंस मोती की जगह दाना चुग रहे हैं। मैंने हमेशा डॉ. सुब्रमण्यम स्वामी को अपना हीरो और आदर्श माना है। वे भारतीय राजनीति के सर्वाधिक बुद्घिमान, भारतीय अर्थ नीति की गहरी समझ रखने वाले एक विद्वान हिंदू हैं।

LEAVE A REPLY