सीएम की पन्द्रह करोड़ों की सौगात से खटीमा की बदलेगी तस्वीर

0
8

खटीमा(संवाददाता)। मुख्यमंत्री ने खटीमा के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए 14.97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क चौड़ीकरण परियोजना का भूमि पूजन किया। खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक प्रस्तावित इस परियोजना से शहर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से बढ़ते वाहनों के दबाव और जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि खटीमा का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
सितारगंज रोड स्थित राणा मार्केट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क चौड़ीकरण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ी होने से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे यातायात का दबाव कम करने और व्यापारिक गतिविधियों को गति देने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी का खटीमा के प्रति भावनात्मक लगाव भी खुलकर सामने आया। उन्होंने कहा कि खटीमा से उनका रिश्ता केवल राजनीति या जनप्रतिनिधित्व तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मां और बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। खटीमा की जनता ने उन्हें जो प्यार, विश्वास और आशीर्वाद दिया है, वही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि जनता का यह स्नेह उन्हें प्रदेश की सेवा करने की निरंतर ऊर्जा प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने खटीमा में संचालित विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण जैसे कार्यों से शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है। वहीं, सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है।
किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चीनी मिल का संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और किसानों को भुगतान सुनिश्चित करना सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने खटीमा की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शहर को जलभराव जैसी समस्याओं से राहत दिलाने के साथ ही स्वच्छ और व्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में योजनाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। पर्यटन की संभावनाओं पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से खटीमा को नई पहचान मिलेगी। इन परियोजनाओं से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के अवसर बढऩे की उम्मीद है। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। रास्ते में स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और उनके स्नेह के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक 14.97 करोड़ रुपये की सड़क चौड़ीकरण परियोजना अब धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ी है। इसके पूरा होने पर शहर के प्रमुख मार्ग पर यातायात सुगम होने, जाम कम होने और व्यापारिक गतिविधियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर बनाने के लिए विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे। सड़क चौड़ीकरण की इस परियोजना के साथ अब स्थानीय लोगों की उम्मीदें इसके समयबद्ध निर्माण और बेहतर गुणवत्ता पर टिकी हैं।

LEAVE A REPLY