गंगोत्री हाईवे की बदहाली पर होटल एसोसिएशन मुखर

0
7

चौड़ीकरण कार्य जल्द शुरू कराने को डीएम से हुये रूबरू
उत्तरकाशी(संवाददाता)। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति और लंबे समय से लंबित चौड़ीकरण कार्य को लेकर होटल एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर राजमार्ग के सुधारीकरण एवं चौड़ीकरण का कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की। इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र सौंपा।
होटल एसोसिएशन अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह मटूडा और सचिव सुभाष कुमाई के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ज्ञांसू से लेकर गंगोत्री, गणेशपुर, नेताला और हीना तक राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे पर्यटकों, तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि बीआरओ द्वारा गड्ढों में मिट्टी भरकर महज औपचारिकता पूरी की जा रही है। पिछले कई वर्षों से सड़क चौड़ीकरण को लेकर लगातार आश्वासन दिए जाते रहे हैं, लेकिन धरातल पर अपेक्षित काम नहीं हुआ। एसोसिएशन के मुताबिक पिछले सात-आठ वर्षों से बड़ेथी टनल से गंगोत्री तक सड़क की स्थिति लगातार खराब होती गई है।
होटल कारोबारियों ने मांग की कि ऑलवेदर रोड पैकेज संख्या-05 के तहत बड़ेथी से तेखला तक चौड़ीकरण का कार्य चारधाम यात्रा समाप्त होते ही शुरू कराया जाए। साथ ही बड़ेथी-तेखला क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण और मुआवजे की धनराशि का वितरण भी शीघ्र पूरा करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने वर्तमान गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ेथी से ज्ञांसू, गंगोत्री, गणेशपुर, नेताला, हीना तथा मनेरी से गंगोत्री तक डबल लेन चौड़ीकरण का कार्य शुरू कराने पर भी जोर दिया। सितंबर-अक्टूबर में प्रस्तावित चारधाम यात्रा से पहले सड़क के गड्ढों की मरम्मत, डामरीकरण और आवश्यक सुधारीकरण कराने की मांग रखी गई। इसके अलावा नेताला लैंडस्लाइड जोन का ट्रीटमेंट जल्द शुरू कराने की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी गई। होटल एसोसिएशन ने कहा कि गंगोत्री धाम उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल है। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति का सीधा असर तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय पर्यटन कारोबार पर पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह मटूडा, सचिव सुभाष कुमाई, राजेंद्र पवार, दीपेंद्र पवार, अजय पुरी, अशोक सेमवाल, विमलकांत सेमवाल और सुरेश राणा शामिल रहे। एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से जनहित और आगामी यात्रा सीजन को देखते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की।

LEAVE A REPLY