महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में जुटी है सरकार
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। मुख्यमंत्री ने कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से पहुंची बहनों ने रक्षा सूत्र बांधा। मुख्यमंत्री ने बहनों के स्नेह से अभिभूत होकर कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मातृशक्ति उत्तराखण्ड की ताकत है। बहनों ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने भी सभी बहनों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनका आभार जताया और प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पावन पर्व है। प्रदेश की मातृशक्ति और बहनों का स्नेह एवं आशीर्वाद उन्हें उत्तराखंड की सेवा और विकास के लिए निरंतर ऊर्जा देता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार की मजबूत आधारशिला होने के साथ-साथ समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी है। उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं से महिलाओं और बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य की सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। वहीं, लखपति दीदी अभियान को प्रदेश में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार उत्तराखंड में 3 लाख 09 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पाद, कृषि, हस्तशिल्प और स्वरोजगार के माध्यम से न केवल अपनी आजीविका मजबूत कर रही हैं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी गति दे रही हैं। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण योजना और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना जैसी योजनाओं के जरिए महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य निर्माण से लेकर उत्तराखंड के विकास तक मातृशक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, कृषि, उद्यमिता और सामाजिक क्षेत्र समेत हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की भागीदारी से ही सशक्त उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाएं मौजूद रहीं।