हरबंसवाला में आधी रात गरजीं गोलियां

0
9

मुठभेड़ में शातिर चेन लुटेरे के पैर में लगी गोली
डोबाल की दहाड़ और थरथर कापने लगा बदमाश
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। अपराधियों के खिलाफ पुलिस कप्तान की सख्ती के बीच बसंत विहार क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। हरबंसवाला बैरियर पर सघन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी को रोकने की कोशिश की गई तो चालक पुलिस को चकमा देकर टी-स्टेट की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।
हरबंसवाला बैरियर पर देर रात पुलिस टीम वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की नीली एक्टिवा पर सवार युवक पुलिस की नजर में आया। पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा शुरू कर दिया। टी-स्टेट की ओर भागते हुए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। कुछ ही देर में दोनों ओर से फायरिंग हुई और मुठभेड़ में स्कूटी सवार बदमाश के पैर में गोली जा लगी। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे मौके से दबोच लिया।
घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे उच्च उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और बाद में अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश के उपचार की जानकारी ली।

एफएसएल ने खंगाला मुठभेड़ स्थल
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की नीली एक्टिवा स्कूटी भी कब्जे में ली गई। पुलिस के अनुसार यह स्कूटी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी।

14 अगस्त की चेन स्नैचिंग का आरोपी निकला
मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि यही बदमाश 14 अगस्त 2026 को बसंत विहार क्षेत्र में वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात में शामिल था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चेन स्नैचिंग में लूटी गई चेन भी बरामद कर ली है। इस मामले में बसंत विहार थाने में मुकदमा पहले से दर्ज है। मुठभेड़ के बाद पुलिस के हाथ चेन स्नैचिंग की वारदात का आरोपी लगने के साथ ही चोरी की स्कूटी और अवैध हथियार भी बरामद हुए हैं।

आपराधिक कुंडली भी लंबी
पुलिस के मुताबिक आकाश उर्फ तमंचा कोई नया अपराधी नहीं है, बल्कि शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वह अन्य आपराधिक घटनाओं में भी शामिल रहा है या नहीं।

पुलिस की चेकिंग से भागना पड़ा भारी
बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार होकर रात में निकलना बदमाश को भारी पड़ गया। चेकिंग से बचने के लिए भागने के बाद उसने पुलिस पर गोली चलाकर मामला और गंभीर कर दिया। हालांकि पुलिस टीम ने पीछा नहीं छोड़ा और जवाबी कार्रवाई में उसे घायल कर गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच हुई यह मुठभेड़ पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का बड़ा उदाहरण है। पुलिस अब बरामद हथियार, चोरी की स्कूटी और चेन स्नैचिंग की वारदात को जोड़ते हुए आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

LEAVE A REPLY