मुख्य सचिव ने मोर्चा अध्यक्ष को दिलाया भरोसा
देहरादून। जन संघर्ष मोर्चा पछुवादून में एक अलख जगाने के लिए हमेशा आगे रहता है और उसका साफ मानना हे कि इलाके के ग्रामीणों को अपनी आवाज सरकार और शासन के पास पहुंचाने का उनके अलावा कोई रास्ता नहीं है इसलिए वह पछुवादून में ग्रामीणों को विकास की उस उडान को दिखाने के लिए हमेशा आगे रहते हैं जिसकी उन्हांेने शायद कल्पना ही की थी। मोर्चा अध्यक्ष पछुवादून में स्वास्थ्य महकमे के अन्दर एक अलख जगाने के लिए सरकार और शासन के दर पर हमेशा दस्तक देते रहे हैं। अब जन संघर्ष मोर्चा ने विकासनगर के उप जिला चिकित्सालय में न्यूरोलॉजिस्ट-कार्डियोलॉजिस्ट की तैनाती को लेकर शासन में दस्तक दी। मोर्चा ने मुख्य सचिव से रूबरू होते हुए उन्हें ग्रामीणों के दर्द से रूबरू कराया तो मुख्य सचिव ने भी मोर्चा को भरोसा दिलाया कि जल्द वहां न्यूरोलॉजिस्ट-कार्डियोलॉजिस्ट की तैनाती कर दी जायेगी।
जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन से मुलाकात कर उप जिला चिकित्सालय, विकासनगर में कार्डियोलॉजिस्ट एवं न्यूरोलॉजिस्ट की तैनाती को लेकर ज्ञापन सौंपा। मुख्य सचिव ने सचिव, स्वास्थ्य को कार्रवाई के निर्देश दिए। नेगी ने कहा कि उपजिला चिकित्सालय, विकासनगर जोकि पछवादून (विकास नगर- जौनसार व आसपास क्षेत्र) का प्रमुख चिकित्सालय है जहां पर लगभग 500 ओपीडी होती है, लेकिन कार्डियोलॉजिस्ट आदि की तैनाती न होने के कारण हृदयाघात, पक्षाघात (अटैक) आने की स्थिति में मरीज को समय पर इलाज नहीं मिल पाता, जिस कारण आधे रास्ते में ही मरीजों की मौत हो जाती है। कई गरीब व्यक्ति प्राइवेट अस्पताल में इलाज, टेस्ट आदि कराने के लिए पैसे नहीं जुटा पाते। कई बार हार्ट अटैक की स्थिति में जहां मरीज के लिए पल-पल बहुत कीमती होता है, ऐसे में इलाज न मिलने से हुई मौत परिवार को झकझोर देती है। न्यूरोलॉजिस्ट की तैनाती होने से भी मरीजों को काफी राहत मिलेगी। नेगी ने इस संबंध में कहा कि अगर अस्पताल में संबंधित बीमारी के पद नहीं हैं तो पद सृजित करने का भी कार्य होना चाहिए। मोर्चा मरीजों को भगवान भरोसे नहीं छोड़ सकता।
