बैंकाक थाईलैंड से ले जाया जा रहा म्यांमार बर्मा
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। उत्तराखण्ड के अन्दर साईबर अपराधियों और मानव तस्करों के खिलाफ एसटीएफ के आईजी ने एक बडी जंग का ऐलान कर रखा है और उन्होंने इनके नेटवर्क को नेस्तनाबूत करने के लिए एसटीएफ के पुलिस कप्तान को मैदान में उतार रखा है। एसटीएफ के सीओ ने साईबर अपराध और मानव तस्करी में शामिल बडे गुनाहगारों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए एक बडा ऑपरेशन चलाया है और इस ऑपरेशन में एसटीएफ ने युवाओं को रोजगार का झांसा देकर बैंकाक थाईलैंड के वीजा पर दिल्ली से बैंकाक ले जाना तथा वहां साईबर दास बनाकर जबरन साईबर अपराध के लिए कॉलिंग व अन्य कार्य कराये जाने के एक बडे नेटवर्क के गुनाहगार को दबोचा है जिसने एसटीएफ के सामने ऐसे राज उगले हैं जिसे सुनकर एसटीएफ के पैरो तले जमीन खिसक गई है क्योंकि जिस म्यांमार बर्मा में इन युवकों को ले जाया जा रहा है वहां उन्हें आतंक के रास्ते पर धकेलने का खतरनाक खेल चल रहा है?
एसटीएफ आईजी नीलेश भरने साईबर अपराधियों और मानव तस्करी में शामिल गुनाहगारों के नेटवर्क को नेस्तनाबूत करने के लिए उनके खिलाफ एक बडी जंग लड़ने का ऑपरेशन चला रहे हैं। आईजी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा साईबर अपराध के लिए मानव तस्करी कर भारतवर्ष के विभिन्न राज्यों से ले जाये गये नवयुवकों को म्यांमार (बर्मा) से मुक्त कराकर भारतवर्ष वापस लाया गया जिसमें उत्तराखण्ड के 21 निवासियों को साईबर क्राईम एसटीएफ द्वारा गृह मंत्रालय से सम्पर्क कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। आईजी ने बताया कि साईबर क्राईम कुमांऊ परिक्षेत्र की टीम द्वारा पूछताछ करने पर पीडित नवयुवकों द्वारा रोजगार का झांसा देकर बैंकाक थाईलैंड के वीजा पर दिल्ली से वापस बैंकाक थाईलैंड ले जाया जाना तथा बैंकाक थाईलैंड से अवैध रूप से म्यांमार बर्मा के (के.के पार्क) शहर मायावड्डी म्यांमार बर्मा ले जाया जाना तथा वहां साईबर दास बनाकर जबरन साईबर अपराध के लिए कॉलिंग एवं अन्य कार्य कराया जाना बताया गया। आईजी ने बताया कि पूछताछ के आधार पर साईबर क्राईम एसटीएफ ने दो एजेंट चिन्हित किये जिनके द्वारा जनपद उधमसिंहनगर से नवयुवकों को बैंकाक थाईलैंड से नौकरी के नाम पर भेजा जा रहा है तथा इन नवयुवकों को बैंकाक थाईलैंड से अवैध रूप से जंगल व नदियों के रास्ते से के.के पार्क म्यांमार बर्मा ले जाया जा रहा है। आईजी ने बताया कि इन नवयुवकों को जबरन बंधक बनाकर उनसे साईबर अपराध के कार्य कराये जा रहे हैं। साईबर क्राईम पुलिस एसटीएफ द्वारा उत्तराखण्ड से नवयुवकों को रोजगार के नाम पर विदेश भेजकर साईबर अपराध कराने वाले एजेंटो को चिन्हित करने पर उनमें से एक एजेंट को आज उधमसिंहनगर में गिरफ्तार किया गया।
आईजी एसटीएफ द्वारा बताया गया कि चिन्हित किये गये एजेंट तथा एजेंट के विदेश के.के पार्क म्यांमार बर्मा के सम्पर्को की जांच की जा रही है वहीं पुलिस कप्तान एसटीएफ कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि रोजगार के लिए विदेश जाने वाले नवयुवकों को सर्वप्रथम नौकरी के सम्बन्ध में पूर्ण जानकारी एकत्र करनी चाहिए ताकि सभी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने के बाद ही वह रोजगार के लिए विदेश जायें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के एजेंटो के बहकावे में आकर नवयुवक साईबर अपराधों में लिप्त न हों तथा इस प्रकार के एजेंटो की सूचना स्थानीय पुलिस, एसटीएफ को दें।

