तार-तार होती स्वास्थ्य सेवाओं से आवाम नाराज

0
138

चौखुटिया में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की मांग को किया विधानसभा कूच
देहरादून(नगर संवाददाता )। चौखुटिया की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किए जाने, चिकित्सकों की तैनाती एवं आवश्यक उपकरण सुविधाओं की मांग को लेकर पदयात्रियों एवं अन्य समर्थकों ने राजधानी में रैली निकालकर विधानसभा कूच किया और पुलिस ने बैरीकैडिंग लगाकर सभी को रोक लिया। वहीं पर धरने पर बैठ गए और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। यहां बड़ी संख्या में पदयात्री एवं समर्थक गांधी पार्क के बाहर भुवन कठायत के नेतृत्व में पहुंचे और वहां से चौखुटिया में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किए जाने की मांग को लेकर नारेबाजी के बीच प्रदर्शन करते हुए गांधी पार्क से विधानसभा कूच किया और पुलिस ने रिस्पना पुल से पहले बैरीकैडिंग लगाकर सभी को रोक लिया और इस बीच एक बार फिर से पुलिस व पदयात्री प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोंकझोंक, धक्का मुक्की हुई।
इस दौरान वहीं धरने पर बैठ गये और पदयात्री संयोजक भुवन कठायत ने कहा है कि उनके हितों के साथ कुठाराघात किया जा रहा है जिसे सहन नहीं किया जाएगा। पदयात्री चन्द्रा कोहली ने कहा कि अल्मोडा जिले के चौखुटिया में स्वास्थ्य सुविधाओं बेहतर किए जाने को लेकर आमरण अनशन लगातार जारी है। अल्मोडा निवासी बचे सिंह कठायत ने कहा है कि इसी मांग को लेकर 24 अक्टूबर को चौखुटिया से देहरादून के लिए पदयात्रा निकाली गई और जो सोमवार को दून पहुंची। उन्होंने कहा कि पुलिस का ऐसा व्यवहार पहले कभी देखने को नहीं मिला और पुलिस के इस प्रकार के कृत्य की जितनी निंदा की जाए वह कम है।
इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया और मुख्यमंत्री से सभी समस्याओं को हल करने की मांग की गई। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक मदन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, मनोज रावत व उक्रांद सहित अन्य आंदोलनकारियों ने अपना समर्थन दिया। इस अवसर पर विधानसभा कूच करने वालों में सरस्वती किरोला, आनंद राणा, चन्द्रा कोहली, ममता, पूजा, जगदीश ममगांई आदि पदयात्री व आंदोलनकारी शामिल रहे।

LEAVE A REPLY