सरकार के खिलाफ दहाड़

0
130

देहरादून(नगर संवाददाता)। पर्वतीय कृषक बागवान उद्यम संगठन से जुड़े किसानों ने प्रदेश सरकार से एप्पल एवं कीवी मिशन का पांच साल से लंबित पड़े अनुदान का भुगतान को जारी किए जाने की मांग को सरकार के खिलाफ जमकर दहाड़े और गांधी पार्क से कृषि मंत्री गणेश जोशी के आवास तक हाथों में कटोरा लेकर भीख मांगते और ढोल व थाली बजाकर बागवान न्याय यात्रा निकाली और किसानों को सालावाला पुल के पास बैरीकैडिंग लगाकर रोक लिया। प्रदर्शनकारी किसानों को कांग्रेस, उक्रांद व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपना पूर्ण समर्थन दिया। यहां संगठन के अध्यक्ष बीरबान सिंह रावत के नेतृत्व में संगठन से जुड़े किसान बड़ी संख्या में गांधी पार्क में इकटठा हुए और वहां से कृषि मंत्री गणेश जोशी के आवास तक बागवान न्याय यात्रा निकालने लगे तो पहले पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस कामयाब नहीं हो पाई।पुलिस ने हाथीबडकला सालावाला पुल के पास बैरीकैडिंग लगाकर रोक लिया और पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर एकता विहार धरना स्थल ले जाकर छोड़ दिया।
इससे पूर्व गांधी पार्क के बाहर सभा को संबोधित करते हुए उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता शांति प्रसाद भट्ट ने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुना करने की बात करती है लेकिन उनका लगातार उत्पीडऩ व शोषण किया जा रहा है। इस अवसर पर उक्रांद नेता जबर सिंह पावेल ने कहा कि किसानों का उत्पीडऩ व शोषण किसी भी दशा में सहन नहीं किया जाएगा और किसानों के हितों के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। संगठन के अध्यक्ष बीरबान सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने, बागवानी, कृषि एवं उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर हिमालयी अर्थव्यवस्था का निर्माण किए जाने की मांग की गई।
उन्होंने कहा कि लगातार सरकार से मांग की जा रही है लेकिन अभी तक लंबित पड़े भुगतान को जारी नहीं किया गया है जिससे कृषकों में रोष बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी कृषकों ने पूर्व में बीस प्रतिशत धनराशि कर्जा लेकर इस व्यवसाय में लगा दिया है और अब उनके समक्ष रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है और मजबूरन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़ रहा है। इस अवसर पर डॉ. राजेन्द्र कुकशाल ने कहा कि इस क्षेत्र में सरकारी तंत्र को मजबूत करने की जरूरत है। इस अवसर पर अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर संगठन के महासचिव दीपक करगेती, दीपक ढौढियाल, मुकेश कैन्तुरा, शुभ गौड, राजेन्द्र प्रसाद, प्रमिला रावत, नवीन जोशी, महेन्द्र सिंह, सुनील सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता अनूप नौटियाल आदि उपस्थित रहे।

कृषि मंत्री गणेश जोशी को मंत्रीमंडल से करें बर्खास्त: माहरा
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने किसानों को अपना समर्थन देते हुए कहा कि सीबीआई हार्टिकल्चर विभाग में हुए भ्रष्टाचार की जांच कर रही है और यह विभाग मंत्री गणेश जोशी के पास है और सरकार मंत्री गणेश जोशी को लगातार बचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को तत्काल प्रभाव से भ्रष्टाचार एवं आय से अधिक संपत्ति के मामले में मंत्री गणेश जोशी को मंत्रीमंडल से बर्खास्त किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लेकिन सरकार ऐसा नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार किसानों की उपेक्षा कर रही है जिसे किसी भी दशा में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान आज भी पीडि़त है। माहरा ने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के लिए ठोस पहल नहीं कर रही है और यदि कुछ करती तो वह धरातल पर दिखाई देता और न ही सेब व कीवी का उत्पादन करने वाले किसानों को सड़कों उतरना पड़ता।

LEAVE A REPLY