मोदी का लाडला बदल रहा उत्तराखण्ड

0
156

प्रमुख संवाददाता
देहरादून। उत्तराखंड बनने के बाद से ही राज्य की जनता के मन में हमेशा अधिकांश पूर्व मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल को देखकर एक बडी पीडा रहती थी कि आखिरकार क्या उन्होंने इसलिए राज्य बनाने के लिए शहादत दी थी कि राज्य में भ्रष्टाचारी, घोटालेबाज और माफिया पनपते रहेंगें। उत्तराखंड की सत्ता जैसे ही पुष्कर सिंह धामी के हाथों में आई तो उन्होंने अपनी कीचन टीम में जिन अफसरों की तैनाती की उसने उत्तराखंड के अंदर यह संदेश दे दिया था कि राज्य में सरकार पारदर्शिता व स्वच्छता के साथ चलेगी। मुख्यमंत्री का दूसरा कार्यकाल लगातार राज्य के अंदर जिस धाकड अंदाज से चल रहा है और राज्य का विकास मुख्यमंत्री ने बुलेट ट्रेन की रेस की तरह किया हुआ है उससे राज्यवासियों के मन में एक आशा की किरण जाग चुकी है कि अब उत्तराखंड के अंदर एक ऐसे युग पुरूष की आमद हो चुकी है जो उत्तराखंड को हर दिन बदल रहा है और वह बच्चों से लेकर बडों के बीच जिस सादगी के साथ उनसे मुलाकातें कर रहे है उसे देखकर हर कोई यह कहने से नहीं चूक रहा है कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड को एक ऐसा नायाब हीरा दिया है जिसने अपने अब तक के कार्यकाल में ही उत्तराखंड की दशा और दिशा को बदलकर यह साबित कर दिया है कि वह उत्तराखंड को आदर्श राज्य बनाने का संकल्प लेकर काम कर रहे है।
देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के सपनों का उत्तराखण्ड बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रात-दिन एक कर रखा है और उन्होंने राज्य को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए जिस विजन के साथ काम किया है उससे आज राज्य की जनता उनका विकास मॉडल देखकर गदगद हो रखी है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखण्ड को एक नया उत्तराखण्ड बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपना अभेद आशीर्वाद दिया हुआ है और यही कारण है कि अकसर सरकार को उत्तराखण्ड के विकास के लिए नई-नई योजनायें तोहफे में दी जा रही हैं जिससे कि आने वाला दशक उत्तराखण्ड का हो। मुख्यमंत्री के खिलाफ भले ही आये दिन साजिशों का खेल चल रहा हो लेकिन वह इसकी परवाह किये बगैर उत्तराखण्ड को विकास के पथ पर ले जाने के लिए आगे बढ रहे हैं। मुख्यमंत्री की स्वच्छ राजनीति काफी राजनेताओं और सफेदपोशों को रास नहीं आ रही है और यही कारण है कि पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर फर्जी एकाउंट बनाकर उनकी और उनके कुछ अफसरों की छवि को तार-तार करने का बडा तांडव किया जा रहा है। चार साल से दबंगता और स्वच्छता के साथ सरकार चलाने वाले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इसलिए भी लाडले बने हुये हैं क्योंकि वह उनके बताये मंत्र पर स्वच्छता के साथ सरकार चलाने के लिए आगे बढे हुये हैं।
उत्तराखंड के अंदर कई पूर्व मुख्यमंत्री जब सत्ता संभालने के लिए आये तो राज्य की जनता को उनसे बडी उम्मीद दिखाई दी थी कि वह राज्य के अंदर एक नई अलख जगाकर उत्तराखंड को विकास के रास्ते पर तेजी के साथ ले जायेंगें लेकिन ऐसे चंद पूर्व मुख्यमंत्री राज्य को विकास की उडान पर ले जाने के बजाय अहंकार की उडान पर उड चले और उन्होंने अपने कार्यकाल में हो रहे भ्रष्टाचार, घोटालों और माफियागिरी करने वालों को खुली छूट दी जिसके चलते उन्होंने जिस तेजी के साथ राज्य की जनता का खून चूंसना शुरू किया उससे राज्य के अंदर ऐसे पूर्व मुख्यमंत्रियों के खिलाफ जमकर आक्रोश की ज्वाला देखने को मिली थी। अपने शासनकाल में हो रहे भ्रष्टाचार और घोटालों का राज बेनकाब होने पर चंद पूर्व मुख्यमंत्रियों ने उन लोगों व चंद मीडिया कर्मियों को अपना निशाना बनाना शुरू किया था जिन्होंने सरकार के भ्रष्टाचार और घोटालों से फायदा उठाने का मिशन शुरू किया था। उत्तराखंड के इतिहास में उस समय एक बडा कलंक पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने लगाया था जब चंद मीडिया कर्मियों पर उन्होंने अपने भ्रष्टाचार के हो रहे खुलासे पर उन पर राजद्रोह का मुकदमा दर्ज कराकर एक पत्रकार को थाने से लेकर जेल तक में अपने अहंकार के तांडव से रूबरू कराया था। हालांकि उच्च न्यायालय ने उस फर्जी राजद्रोह की धज्जियां उडाते हुए उसे खारिज कर दिया था और इससे त्रिवेन्द्र सिंह रावत आवाम के निशाने पर आ गये थे। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिनका लगाव उत्तराखंड से हमेशा रहा है उन्होंने उत्तराखंड के युवा राजनेता पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री की कमान सौंपी तो उन्होंने सरकार चलाने के लिए जो सादगी अपना रखी है उससे उन्होंने उत्तराखंड की जनता का दिल जीत लिया है और उनके कार्यकाल में डबल इंजन ने विकास की जो नई उडान बुलेट ट्रेन की तरह शुरू कर रखी है उससे उत्तराखंडवासी पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली के कायल हो गये है और अब राज्य की जनता मानने लगी है कि पुष्कर ने उत्तराखंड बदल दिया है।

LEAVE A REPLY