पंचायत चुनाव में दिखा जोश

0
187

देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखण्ड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जो आशंकायें विपक्ष उठा रहा था वह आशंकायें तो राज्य के अन्दर धडाम साबित हो गई। दूसरे चरण का मतदान भी सुबह से ही शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था और सबसे अहम बात यह है कि धामी की एक अपील से ही मतदान केंद्रों पर महिलाओं व पुरूषों की लम्बी-लम्बी कतारें गांव की सरकार चुनने के लिए आगे आ रखी थी। चुनाव में मतदान करने के लिए मातृशक्ति में जो उत्साह देखने को मिल रहा था उससे साफ झलक रहा था कि मातृशक्ति ने सपना संजोया हुआ है कि उनका अपना गांव विकास के उस पथ पर आगे बढ चले जिस विकास को देखकर हर कोई यह कहने से न चूके कि क्या गांव भी ऐसे हुआ करते हैं? मुख्यमंत्री का भी मानना है कि गांव की सरकार चुनने के लिए आम जनमानस के मन में एक त्यौहार जैसा उत्साह है और राज्य के अन्दर ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी इसमें कोई शंका नहीं है क्योंकि राज्यवासियों को अब राज्य का विकास ही देखना है इसलिए बडी संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए पहुंच रहे हैं। भाजपा पंचायत चुनाव को लेकर जोश में नजर आ रही है लेकिन विपक्ष का मन अपनी जीत को लेकर कहीं न कहीं डावाडोल दिखाई दे रहा है और 31 जुलाई को साफ हो जायेगा कि गांव की सरकार पर कौन राज करेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड में पहले से ही संदेश दे रखा था कि पंचायत चुनाव कराने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है और समय पर ही निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराये जायेंगे। हालांकि विपक्ष ने खूब शोर मचाया था मानसून के मौसम में जहां सड़के टूटी फूटी हैं और मतदान केंद्रों पर जाने के लिए रास्ते खराब हैं तो ऐसे में कैसे चुनाव हो पायेगा? हालांकि सरकार ने उच्च न्यायालय में यह साफ किया था कि पंचायत चुनाव कराने के लिए सरकार ने सारी तैयारियां पूरी कर रखी हैं और पारदर्शिता के साथ इन चुनाव को कराया जायेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी जनपदों के डीएम और पुलिस कप्तानों को दो टूक संदेश दे रखा था कि चुनाव के दौरान कहीं पर भी कोई शोर शराबा या गडबडी न होने पाये। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चुनाव के पहले चरण में मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की थी और उसी के चलते प्रथम चरण के चुनाव में बम्पर वोटिंग हुई थी और हर तरफ शांति के साथ चुनाव सम्पन्न कराये गये थे जिससे यह बात साफ हो गई थी कि सरकार इन चुनाव को शांति से सम्पन्न कराने के लिए एक बडे विजन के साथ काम कर रही थी।
आज चुनाव के दूसरे चरण में सुबह से ही मतदान स्थलों पर मतदाताओं की लम्बी-लम्बी कतारें लगी हुई थी और सभी स्थानों पर शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए प्रशासन व पुलिस के अफसर चुनाव पर अपनी पैनी नजर बनाये हुये थे। राजधानी में भी जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं वहां डीएम और पुलिस कप्तान और उनकी टीमों ने अपनी पैनी नजर बना रखी है और सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव चल रहा था जिसे देखकर साफ नजर आ रहा था कि आवाम के मन में इन चुनाव को लेकर कितनी उत्सुकता है कि वह लम्बी-लम्बी कतारों में लगकर गांव की सरकार बनाने के लिए आगे आ रखे थे।

LEAVE A REPLY