देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखंड में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा करने आये केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं भाजपा संगठन के चुनाव प्रभारी हर्ष मल्होत्रा ने दूसरी बार महेंद्र भटट को प्रदेश अध्यक्ष बनने बधाई दी और कहा कि यह कितनी सुंदर बात है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नये प्रदेश अध्यक्ष का मुंह मीठा करा रहे है और उनका स्वागत कर रहे है। मुख्यमंत्री ने जिस अंदाज में दूसरी बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर आसीन हुए महेंद्र भट्ट का वैलकम किया उससे साफ नजर आ गया कि महेंद्र भट्ट की ताजपोशी कराने का सारा ताज सीएम के सिर पर ही बंधा है और दोनों नेताओं का वर्षों से दिख रहा याराना ही एक बार फिर से काम आ गया।
वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड प्रदेश की भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के रूप में दोबारा मिल गया है। एक बार फिर से राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं भाजपा संगठन के चुनाव प्रभारी हर्ष मल्होत्रा ने एक कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की और नये प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को शुभकामनायें एवं बधाई दी। उल्लेखनीय है कि महेंद्र भट्ट ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए प्रदेश कार्यालय में नामांकन किया था, वह अकेले उम्मीदवार थे, ऐसे में कालभी उनका चुनाव फाइनल हो गया था। लेकिन आज संगठन पर्व के दौरान चुनाव प्रभारी व केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने महेंद्र भट्ट के प्रदेश अध्यक्ष पर चुने जाने की औपचारिक घोषणा की। इस दौरान इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महेंद्र भट्ट को मिठाई खिलाकर जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इस अवसर पर महेंद्र भट्ट लगातार दूसरी बार उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की दूसरी पारी में पंचायत चुनाव महेंद्र भट्ट के लिए बड़ी अग्नि परीक्षा हैं। इस दौरान निकाय चुनाव में शानदार प्रदर्शन से पार्टी पंचायत चुनावों के लिए भी उत्साहित है। वहीं 2०27 में विधानसभा चुनाव महेंद्र भट्ट की सबसे बड़ी अग्नि परीक्षा होगी। महेंद्र भट्ट का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ अच्छा तालमेल है और ऐसे में माना जा रहा है कि प्रदेश के इन दो बड़े बीजेपी नेताओं के नेतृत्व में ही 2०27 का विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। वहीं इससे पहले 2०22 में महेंद्र भट्ट उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बने थे। उनके कार्यकाल में भाजपा ने 2०24 के लोकसभा चुनावों में राज्य की सभी पांचों संसदीय सीटें जीती थीं और निकाय चुनावों में भी भाजपा को भारी सफलता मिली थी और इसके अलावा उपचुनावों में भी अच्छा प्रदर्शन किया था। इससे संगठन में उनका कद बढ़ता गया और वहीं 2०24 में पार्टी ने महेंद्र भट्ट को राज्य सभा भेजा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय परिषद के आठ सदस्य भी घोषित किये गये और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही भाजपा के आठ केंद्रीय परिषदों की भी घोषणा की गई और राष्ट्रीय परिषद के सदस्य राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए वोटिंग करेंगें। राष्ट्रीय परिषद् के लिए आठ नामांकन हुए थे। राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की घोषणा भी केंद्रीय राज्यमंत्री और चुनाव प्रभारी हर्ष मल्होत्रा ने की। उन्होंने बताया कि इन सदस्यों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, नैनीताल सांसद अजय भट्ट और कल्पना सैनी राष्ट्रीय परिषद के लिए चुने गये है।

