रुद्रप्रयाग। बाबा केदारनाथ के दर्शन कर श्रद्धालुओं से भरी एक बस जब बद्रीनाथ की ओर जा रही थी तो उसमें सवार श्रद्धालुओं में बद्रीनाथ के दर्शन करने को लेकर एक बडी भावना बनी हुई थी और वह जब बद्रीनाथ धाम की ओर जा रहे थे तो उनमें से काफी श्रद्धालुओं को शायद इस बात का इल्म नहीं था कि वह आज अपनी आखिरी यात्रा पर निकले हुये हैं और यहीं उनके जीवन का अंतिम पडाव होगा? बस जैसे ही श्रद्धालुओं को लेकर जा रही थी तो रूद्रप्रयाग से बारह किलोमीटर आगे घोलतीर के पास बस खाई में जा गिरी और उसके बाद बस अलकनंदा नदी में जा समाई। बस में सवार आठ श्रद्धालु जान बचाने के लिए उसमें से कूद गये और वह खाई में छिडककर इधर-उधर गिरे तो वहीं तीन श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी थी और आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु लापता हो गये थे जिन्हें खोजने के लिए पुलिस व एसडीआरएफ की टीमों ने अपना सर्च ऑपरेशन चला रखा है। बस दुर्घटना के कारण साफ न होने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है और लापता श्रद्धालुओं को खोजने के लिए बडा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के आदेश पर आनन-फानन में गंभीर रूप से घायलों को हैली सेवा से एम्स अस्पताल में इलाज के भर्ती कराया गया है जहां उनकी स्थिति स्थिर है और काफी चोटे आने के कारण उनका इलाज किया जा रहा है।
आज प्रात:काल हुई सड़क दुर्घटना की जानकारी देते हुए पुलिस कप्तान अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने बताया कि आज प्रात:काल रुद्रप्रयाग से बारह कि.मी. आगे घोलतीर के पास एक 31 सीटर बस के नीचे खाई में गिरने की सूचना मिली थी। रेस्क्यू कार्य के साथ ही इस दुर्घटना के बारे में जानकारी करने पर इसमें वाहन चालक सहित कुल बीस व्यक्ति इस दुर्घटना का शिकार हुए हैं। इनमें से आठ लोग घायल हैं जो कि दुर्घटना के समय बस से छिटक गये थे, इनका रेस्क्यू किया गया है तथा क्रिटिकल रूप से घायलों को हायर सेन्टर भेजा गया है। तीन मृतक हैं, तथा शेष लापता चल रहे व्यक्तियों की तलाश हेतु निरन्तर सर्च एवं रेस्क्यू कार्य गतिमान है।
पुलिस कप्तान ने बताया कि प्रथम दृष्टया इस दुर्घटना में वाहन चालक की लापरवाही व अन्य तकनीकी कारण सामने आये हैं, इस बारे में विस्तृत जांच करने को लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस कप्तान ने बताया कि इस दुर्घटना में घायलों को हेली सेवा से एम्स अस्पताल भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस कप्तान के अनुसार यह हादसा सुबह पौने आठ बजे हुआ है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार से एक बस यात्रियों को लेकर चारधाम यात्रा पर निकली थी। उन्हंोने बताया कि इस बस में बीस लोग सवार थे और 18 लोग एक ही परिवार के हैं। उन्होंने बताया कि सोनी सर नेम का एक परिवार है राजस्थान के यह लोग हैं। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात से भी यह लोग आये थे। इसमें आठ लोग या तो बस से छिटक गये या फिर वह बस से कूद गये थे उनको रेस्क्यू किया गया और सरकार की ओर से गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को हेली से रेस्क्यू कर एम्स अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि उन्हें तीन शव मिले हैं जिसमें एक मौके से और दो नदी से मिले हैं। उन्होंने बताया कि आठ प्वाइंट पर लापता यात्रियों को खोजने के लिए ऑपरेशन चल रहा है।

