भर्ती घोटालों पर दहाड़ी एनएसयूआई

0
131

देहरादून(नगर संवाददाता)। राज्य गठन से लेकर अब तक की सभी भर्तियों की सीबीआई से जांच कराये जाने की मांग को लेकर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने राजधानी में रैली निकालकर नारेबाजी के बीच प्रदर्शन कर राज्य की भाजपा सरकार का पुतला फूंका और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की गई। इस अवसर पर प्रदेश भर में आंदोलन करने की चेतावनी दी गई।
यहां एनएसयूआई के कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी के नेतृत्व में इकटठा हुए और वहां से धामी तो वीक है तभी पेपर लीक है सहित अन्य प्रकार की नारेबाजी करते हुए राज्य गठन से लेकर अब तक की सभी भर्तियों की सीबीआई से जांच कराये जाने की मांग को रैली निकालकर नारेबाजी के बीच प्रदर्शन कर राज्य की भाजपा सरकार का पुतला फूंका। इस अवसर पर एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने भाजपा सरकार पर प्रदेश की सभी भर्तियों में घोटालों का आरोप लगाया और कहा कि राज्य गठन से लेकर अब तक की सभी भर्तियों की सीबीआई से जांच कराई जानी चाहिए। इस अवसर पर विकास नेगी ने कहा कि प्रदेश में पिछले छह साल के अन्दर जो भी भर्तियां हुई हैं उनमें सभी में जमकर घोटाले को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मर्ती सिस्टम पूरी तरह से चरमरा गया है। चाहे लोक सेवा आयोग की भर्ती हो या अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, फारेस्ट भर्ती परीक्षा हो या पुलिस भर्ती सभी में घोटालों को अंजाम दिया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य में अभी तक जितनी भी भर्तियां की गई हैं उन सभी भर्तियों के घोटालों में सत्ताधारी दल के लोगों की संलिप्तता स्पष्ट रूप से देखने को मिली है तथा जांच के नाम पर लीपापोती की जा रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती घोटाला तंत्र सरकार और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के संरक्षण में फल फूल रहा है तथा राज्य के बेरोजगार नौजवानों का हक मारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी भर्तियों की जांच सीबीआई से करवाये जाने की मांग लम्बे समय से कर रही है परन्तु राज्य सरकार ने जिस प्रकार का रवैया अपनाया हुआ है उससे उसकी नीयत में खोट नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा इन भर्तियों में घोटालों को अंजाम देकर राज्य के बेरोजगार नौजवानों को गुमराह कर अपनी नाकामी छुपाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले सरकार द्वारा विभिन्न पदों पर भारी संख्या में भर्ती की घोषणा कर बेरोजगारों में आस जगाई जाती है फिर उसमें अपने ही लोगों के माध्यम से घोटालों को अंजाम देकर भर्तियों को निरस्त कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बीते रोज आयोजित की गई कनिष्ठ सहायक की भर्ती परीक्षा में स्पष्ट रूप से घोटाला सामने आया है।
उन्होंने कहा कि जब अभ्यर्थियों को गुमराह करने की नीयत से चार सेटों में बने पेपर में केवल प्रथम पेज पर सेट का नाम बदल दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस एनएसयूआई राज्य सरकार से मांग करती है कि पिछले छह वर्ष के अन्तराल में प्रदेश में जितनी भी भर्तियां हुई हैं उनकी जांच सीबीआई से कराई जाये और एनएसयूआई प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर आंदोलन करेगी। इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर पुतला दहन करने वालों में राष्ट्रीय संयोजक अजय रावत, वैभव वालिया, गरिमा दसौनी, विकास नेगी, शीशपाल सिंह बिष्ट, अकरम अंसारी, अंजलि चमोली, प्रकाश नेगी, सागर सेमवाल,राहुल रावत, पवन मैंदौली, देवांग, मुकेश बसेरा, राहुल जग्गी, रिहान, सचिन डोभाल सहित अनेकों कार्यकर्ता शामिल रहे।

LEAVE A REPLY