नैनी झील से मिला लापता किशोरी का शव

0
124

नैनीताल(भुवन ठठोला)। नगर की ठंडी सड़क से मॉर्निंग वॉक पर जा रहें लोगों ने झील में एक शव देखा। जिससे लोगों के बीच सनसनी फैल गई। राहगीरो ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को झील से बाहर निकाला।
गौरतलब हो की बीते तीन दिनों से नारायण नगर निवासी किशोरी लापता थी। जिस पर परिजनों ने किशोरी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाकर पुलिस से तलाशी की गुहार लगाई थी। पुलिस की काफी ढूंढ खोज के बाद भी किशोरी नही मिल पाई और उसका शव रविवार को नैनीझील में मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते बृहस्पतिवार को रात साढ़े नौ बजे किशोरी किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गई थी। परिजनों की शिकायत पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो किशोरी को आखरी बार 1० बजकर 41 मिनट में नयना देवी मंदिर से ठंडी सड़क को जाते देखा गया। जिस पर शुक्रवार को पुलिस ने जब झील किनारे खोजबीन की तो झील में किशोरी का चप्पल मिला। जिससे उसके द्वारा झील में कूदने की सम्भावना जताई गई। जिसके आधार पर पुलिस ने झील में कांटे फेंककर किशोरी के शव को खोजने की कोशिश की लेकिन कुछ पता नही चल पाया। इधर रविवार की सुबह किशोरी का शव ठंडी सड़क पाषाण देवी मंदिर के समीप नैनीझील से बरामद हुआ। शव की शिनाख्त किशोरी के परिजनों द्वारा की गई है।
एसआई हरीश सिंह ने बताया कि तीन दिन से लापता नारायण नगर क्षेत्र निवासी किशोरी का शव नैनीझील से बरामद हुआ है। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है। इस दौरान कोतवाल प्रीतम सिंह, एसआई दीपक बिष्ट, एसआई राजन मेहरा, सभासद भगवत सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहें।

LEAVE A REPLY