नेता से पूछे पांच साल मेरे जीवन को सुधारने के लिए क्या किया

0
106

देहरादून(संवाददाता )। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि उत्तराखंड से मेरे परिवार का पुराना नाता रहा है। उन्होंने कहा कि उनके पिता, चाचा, भाई, बेटा और वह स्वयं दून स्कूल में पढ़कर यहां की सुन्दरता व प्रकृति को देखकर खुश होते रहे है। उन्होंने बेरोजगार युवाओं का आहवान किया है कि केवल कांग्रेस पार्टी ही उन्हें रोजगार दे सकती है और इसके लिए इस चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में वोट दें।
यहां कैनाल रोड स्थित एक फार्म हाउस में प्रियंका गांधी कांग्रेस के उत्तराखंडी स्वाभिमान प्रतिज्ञा पत्र चार धाम चार काम के जारी करने के बाद वर्चुअल रैली को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि यहां पर भगवान केदारनाथ, भगवान बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री की भूमि है और इस भूमि को वह नमन करती है। उन्होंने कहा कि आज देवभूमि में जिस तरह की सरकार चल रही है उसे देखकर दु:ख होता है और हर सरकार आती है और जनता की समस्याओं का समाधान करती है, लेकिन यहां की वर्तमान भाजपा सरकार ने जनता के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि यहां की जनता ने आशा व उम्मीद के साथ सरकार का समर्थन किया लेकिन पांच साल से दूरी बनाई, वायदे टूटे और पहले हमारी कांग्रेस सरकार का ही काम दिखाई दे दिया है और अब यह उदघाटन कर रहे है। उन्होंने कहा कि विज्ञापनों में सरकार ने काफी धन खर्च किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के पास पैसे है और रोजगार के लिए पद रिक्त है लेकिन सरकार की नीयत ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन का वायदा करने वाली सरकार में पेट्रोल व डीजल इतना महंगा हो गया है कि इनका इंजन ठप्प हो गया है और उन्होंने कहा कि जब वह बहनों से मिलती है तो वह अपनी परेशानी बताती है और तब पीड़ा होती है। उन्होंने कहा कि लड़की हूं लड़ सकती हूं लेकिन समाज, महंगाई का बोझ केवल महिला ही उठाती है और महिला के पास ज्यादा मौका नहीं, घर संभाल वह भी महिला, परिवार को देखें वह भी महिला और इसके बाद भी कुछ राजनैतिक दलों द्वारा महिला को नकारा जाता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हर पांच घंटे में एक महिला के साथ अत्चाचार होता है लेकिन इससे निपटने को ठोस नीति नहीं है और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर जाना पडता है और सबसे ज्यादा बेरोजगारी महिलाओं में है। उन्होंने कहा कि आशा व आंगनवाडी महिलाओं का मानदेय नहीं बढ़ाया गया है और वह संघर्ष करती है तो उनकी आवाज को दबाने के लिए जेलों में डाल दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि किसानों ने देशभर में आंदोलन किया और 14 हजार करोड़ किसानों का बकाया है लेकिन प्रधानमंत्री ने दो हवाई जहाज खरीद डाले लेकिन किसानों का बकाया नहीं दिया दिया और क्योंकि देश की मीडिया इसे उठाती नहीं तो यह जनता के बीच नहीं आ पाती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से दिल्ली के काफी लोग काम करते है और कोरोना के समय जहां उनकी नौकरी चली गई और केन्द्र व राज्य सरकार ने उन्हें भगवान भरोसे छोड़ दिया और कांग्रेस ने बसों का इंतजाम किया और उन्हें अपने अपने घरों को रवाना किया।
उन्होंने कहा कि देश में आक्सीजन की कमी की जरूरत नहीं रही क्योंकि भारत आक्सीजन मैनीफ्रेक्चर है लेकिन इसके बाद भी केन्द्र सरकार ने बाहर से आक्सीजन का आयात किया। उन्होंने कहा कि बडे बडे उद्योग धंधे बंद हो रहे है और अब बीएचईएल को बेचने की योजना चल रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना से लोगों ने अपनों को खोया है और और यहां की परिस्थितियां अनुकूल है और यहां पर नौजवान, किसान, दलित, महिलायें, बेरोजगार पूरी तरह से परेशान है, उनके हितों के लिए कोई काम नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि कल के आम बजट में हीरे के दाम सस्ते हो गये लेकिन दवा के दाम बढ़ गये और अब आंखें कब खोलोगे आज आंखे खोलने की जरूरत है और एक हजार रूपये का गैस सिलेंडर कांग्रेस की सरकार बनने पर पांच सौ रूपये में दिया जायेगा और कोई किसी पर एहसान नहीं कर रही है यह आपके जीवन के संघर्ष और आपका हक है। उन्होंने कहा कि आज जनता को जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कोरोना के समय जनता के साथ नहीं और खनन के कारोबार को रोक नहीं पा रहे है तो वह बदलाव नहीं कर सकते है और बदलाव केवल कांग्रेस पार्टी ही लायेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में बेहतर काम का वायदा किया गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के घोषणा पत्र में किसानों का कर्जा माफ करने का वायदा किया गया और सरकार बनने के तीन घंटे में किसानों का कर्ज माफ किया गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की एक विकल्प है जिसके नेता आपके साथ है और पेंशन, सर्विसमैन युवाओं व महिलाओं के साथ संघर्ष करती है और अब आपको मन बनाना होगा और कांग्रेस को इस चुनाव में विजयी बनाकर लाना होगा। उन्होंने कहा कि कोई भी नेता आपके पास आता है तो पूछे की पांच साल मेरे जीवन को सुधारने के लिए क्या किया सिर्फ कुछ राजनैतिक दलों को ही फायदा होता है जनता का नहीं। उन्होंने कहा कि तीन भाई है जो परिवार को आगे बढा रहे है किसी ने फूट डाल दी तो परिवार आगे नहीं बढ़ पायेगा और परिवार का नाश हो जायेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अपना स्वाभिमान है उत्तराखंड में बदलाव ला सकते है और जाति धर्म के नाम पर नहीं कुछ राजनीतिक दल के नेता वोट मांगेंगें और अपने हक के आधार पर वोट दें।
उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में गैस की कीमते 5०० को पार नहीं, चार लाख रोजगार, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन पुलिस की अलग फोर्स बनाई जायेगी और 4० प्रतिशत सरकारी पद पर महिलाओं को आरक्षण दिया जायेगा और विभागों में भी 4० प्रतिशत पद महिलाओं को आरक्षित किया जायेगा, सरकारी बसों में महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा की जायेगी और आशा व आंगनवाडी महिलाओं के मानदेय को डेढ़ गुना बढाने का काम किया जायेगा। पांच लाख परिवारों को वार्षिक 4० हजार की मदद दी जायेगी और गांव गांव घर घर स्वास्थ्य आपके द्वार और ड्रोन के माध्यम से दवाईयां पहुंचाने का काम किया जायेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रतिज्ञा है इन्हें पूरा किया जायेगा और इसका पूरा खाका तैयार किया गया है और कांग्रेस सरकार समस्याओं को सुलझाने का काम करेगी।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह वर्चुअल रैली 1०० स्थानों पर की गई और जिसमें लाखों लोगों ने प्रतिभाग किया। इससे पूर्व प्रियंका गांधी का पिछोडा व स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव, सह प्रभारी दीपिका पांडेय, सह प्रभारी राजेश धर्माणी, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री व चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, आब्जरवर मोहन प्रकाश, पूर्व मंत्री नवप्रभात, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, शूरवीर सिंह सजवाण, राजीव महर्षि, गरिमा दसौनी, डा. प्रतिमा सिंह, मथुरादत्त जोशी, महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, गोदावरी थापली सहित अनेकों कांग्रेसजन शामिल रहे।

LEAVE A REPLY