गैरसैंण की लगातार उपेक्षा, बतायें कितने निर्माण कार्य किये

0
127

देहरादून(संवाददाता)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव, पूर्व मुख्यमंत्री एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा है कि राज्य स्थापना दिवस की आड़ में राज्य सरकार सामूहिक अवसरों का भाजपाईकरण कर रही है और जिसकी जितनी निंदा की जाये वह कम है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस राजनैतिक रूप से राजनीति कर मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकायुक्त व उनकी बैंच की नियुक्ति को राज्यपाल के पास सर्वसम्मति से कांग्रेस शासनकाल में भेजा था लेकिन आज तक वह वापस नहीं किया गया।
यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि सैन्य सम्मान यात्रा का भी भाजपाईकरण किया जा रहा है और राज्यपाल को भी पैदल चलाया जा रहा है और राज्यपाल जो सैनिक पृष्ठभूमि से है वह अपने पद की गरिमा बनाये रखें इसके लिए उनसे आग्रह किया जायेगा। उन्होंने कहा कि गैरसैंण की उपेक्षा के लिए 29 नवम्बर को गैरसैंण से भराडीसैंण तक रैली के रूप में पदयात्रा निकाली जायेगी जो गैरसैंण में अब तक की सबसे बड़ी रैली होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को बताना होगा कि गैरसैंण में पांच वर्षों तक कितना निर्माण कार्य किया गया है और कांग्रेस शासनकाल में सचिवालय एवं आवासीय भवन के निर्माण के लिए 57 करोड रूपये जिलाधिकारी के पीएलए में जमा है वह धनराशि कहां गई। उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में भराडीसैंण को नोटिफाइट एरिया बनाया था जिससे भूमि की खरीद फरोख्त न हो सके और अब डी नोटिफाइट एरिया कर दिया गया है और भूमि क्रयकर्ता की लिस्ट राज्य सरकार को जारी करनी चाहिए। भराडीसैंण टाउनशिप प्लान का क्या हुआ। भराडीसैंण में अवस्थापना की स्थिति क्या है।
उन्होंने कहा कि छह सड़कों को नेशनल हाई वे, चार स्टेट हाईवे से जोडने काकाम किया गया दो उनके शासनकाल में पूर्ण हो चुके थे और शेष का क्या हुआ यह राज्य सरकार बताये। गैरसैंण विकास परिषद के माध्यम से चौखुटिया गैरसैंण को मिलाकर जिला बनाये जाने का क्या हुआ है और गैरसैंण के इश्यू को दबाने का काम किया गया है और एक ईंट भी निर्माण के लिए प्रयुक्त नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने की घोषणा की लेकिन ग्रीष्मकाल में कोई सत्र नहीं किया गया और अब शीतकाल में दो दिन का सत्र किया जा रहा है जो गैरसैंण व ग्रीष्मकालीन राजधानी का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्तासीन होने के बाद सभी प्रकार के ढांचे को तैयार कर ढाई से तीन साल में राजधानी को गैरसैंण शिफ्ट किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम में गर्भगृह से सीधा प्रसारण किया जाना व जूता पहनकर लाइव व राजनैतिक भाषण करना गलत है और भाजपा ने परम्परा तोडी है और कांग्रेस कभी भी परम्परा नहीं तोडेगी। उन्होंने कहा कि वैसे कांग्रेस दलबदल के खिलाफ है और भाजपा चोट करेगी तो हम भी पीछे नहीं हटेंगें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है और महंगाई, रसोई गैस के दाम, ठप्प पड़ा विकास, जन कल्याण की योजनायें बंद, भ्रष्टाचार चाहे कुंभ का हो, एनएच 74 में, कर्मकार बोर्ड आदि प्रमुख मुददों को लेकर जनता के बीच जायेंगें। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि हल्द्वानी में 1० नवंबर को कांग्रेस ने विजय संकल्प शंखनाद कार्यक्रम का आयोजन किया था और इस कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य का भव्य तरीके से स्वागत किया जाना था लेकिन राज्य सरकार ने हमारे कार्यक्रम को बाधित करने के लिए जानबूझकर अपना कार्यक्रम रखा और हमारे कार्यक्रम के दिन मुख्यमंत्री धामी का कार्यक्रम जानबूझकर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि अब यह कार्यक्रम 11 नवम्बर को होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की तानाशाही के विरोध में प्रदेश भर में जिला मुख्यालयों पर उपवास का कार्यक्रम 1० नवम्बर को किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन से दवाब बनाया कि कांग्रेस का कार्यक्रम किसी भी दशा में नहीं होना चाहिए और बाद में ऐसा ही हुआ और राज्य सरकार तानाशाही पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा को टकराव से बचने की जरूरत है। शीतकाल में सरकार दो दिन गैरसैंण में सत्र चला रही है और अब तक मुख्यमंत्री ने गैरसैंण में कोई बैठक नहीं की और मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, मंडलायुक्त, अनुभाग अधिकारी ने वहां एक रात व सुबह नहीं बिताई और 25 हजार करोड रूपये आधारभूत ढांचे के लिए दिये गये वह धनराशि कहां है और राज्य को छलने का काम किया जा रहा और विपक्ष लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में काम करेगा और 29 नवम्बर को गैरसैंण में सरकार पर दवाब बनाने के लिए रैली व पदयात्रा निकाली जायेगी। इस अवसर पर वार्ता में मथुरादत्त जोशी, गरिमा मेहरा दसौनी, सुरेन्द्र कुमार, राजीव जैन, राजेन्द्र भंडारी, आशा टम्टा, मोहन काला आदि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY