राज्य आंदोलनकारी 31 महिलाओं को धस्माना ने किया सम्मानित

0
145

देहरादून(नगर संवाददाता)। उत्तराखंड राज्य के आंदोलन में सक्रीय रहीं 31 चिन्हित राज्य आंदोलनकारी मातृशक्ति को आज गांधीग्राम में सुमति नेगी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व कांग्रेस मैनिफेस्टो कमेटी के संयोजक सूर्यकांत धस्माना द्वारा शाल ओढाकर व माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सम्मानित होने वाली बुजुर्ग आंदोलनकारी महिलाओं ने धस्माना को आशीर्वाद दिया ।
इस अवसर पर वरिष्ठ आंदोलनकारी सुमति नेगी ने कहा कि राज्य के लिए शहादत देने वाले आंदोलनकारियों के सपने अभी अधूरे हैं । राज्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण योगदान देने वाली मातृशक्ति की स्थिति अभी भी संतोषजनक नहीं है । उन्होंने धस्माना से कहा कि जिस प्रकार आप लोगों के मुद्दों के लिए संघर्ष करते हो राज्य के लोगों को आपसे बहुत उम्मीद है कि आप उनके लिए कुछ करेंगे।
इस अवसर पर धस्माना ने कहा कि यह उनके लिए बड़े सौभाग्य का विषय है कि उनको राज्य निर्माण की लड़ाई में सबसे अहम जिम्मेदारी निभाने वाली मातृशक्ति का सम्मान करने का मौका मिल रहा है । उन्होंने कहा कि राज्य की मांग के पीछे जी कारण थे और राज्य निर्माण के जो पक्षधर लोग थे उनके सरोकारों पर अगर नजर डालें तो आज राज्य निर्माण के 21 वर्ष पूरे होने पर हमें लगता है कि राज्य निर्माण के शहीदों व आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड अभी नहीं बन पाया।
उन्होंने कहा कि अगर 21 वर्षों में पहाड़ की प्रसूता बहन को हायर सेंटर जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है और जान गंवानी पड़ती है तो फिर राज्य निर्माण के लाभ हानि पर विचार करना पड़ता है। श्री धस्माना ने कहा कि रोजगार का अभाव हो या पलायन, स्वास्थ्य सेवाएं हों या शिक्षा व्यवस्था की दुर्दशा , माता बहनों के सर पर घास लकड़ी व पानी का बोझ राज्य बनने के 21 साल बाद भी अगर तस्वीर नहीं बदली है तो कैसे कहा जा सकता है कि राज्य के लिए कुर्बानियां देने वालों के सपने पूरे हुए है। धस्माना ने मातृशक्ति को विश्वास दिलाते हुए कहा कि वे अपनी पूरी शक्ति से राज्य के लिए कुर्बानियां देने वालों के सपनों को साकार करने में अपना पूर्ण योगदान देंगे।

LEAVE A REPLY