संवाददाता
देहरादून। कांग्रेस प्रवक्ता डा. प्रतिभा सिंह ने कहा है कि केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल के दामों में रोज-रोज की जा रही वृद्धि के बाद अब रसोई गैस के दामों में 25 रूपये की वृद्धि कर जनता को एहसास दिला दिया है कि चुनावों में कमल का फूल उसकी भारी भूल थी। उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार के राज्य बढ़ती महंगाई की मांग आम जनता कब तक सहेगी, यह एक विचारणीय प्रश्न है।
यहां जारी एक बयान में कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा पिछले लोकसभा चुनाव के बाद पेट्रोल के दाम 28 रूपये तथा डीजल के दाम 23 रूपये बढ़ा कर महंगाई से आम जनता की कमर तोड दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की महंगाई की मार यहीं पर नहीं रूकी पिछले एक साल में सरसों के तेल में 53 रूपये, सूरजमुखी तेल में 62 रूपये, सोयाबीन तेल में 53 रूपये तथा वनस्पति घी में 41 रूपये की वृद्धि के साथ ही दलहनों के दामों में की गई बेतहाशा वृद्धि के कारण आम आदमी की थाली से दाल गायब होने लगी है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस के दामों में 25 रूपये की भारी वृद्धि कर गैस सिलेण्डर 9०० रूपये पार कर गया है जिससे गरीब का चूल्हा जलना कठिन दिखाई दे रहा है।
इस अवसर पर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए डॉ. प्रतिभा सिंह ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल में लगातार कई बार रसोई गैस सिलेण्डर के दाम बढ़ाकर साबित कर दिया है कि यह सरकार आम जनता की न होकर कुछ उद्योगपतियों की सरकार बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि पहले से ही मंहगाई और कोरोना महामारी की मार झेल रही गरीब जनता पर केन्द्र सरकार द्वारा लगातार महंगाई का बोझ डालकर उसे भूखे पेट सोने पर मजबूर किया जा रहा है। उन्होने कहा कि केन्द्रीय वित्त मंत्री की अनभिज्ञता के कारण गिरती अर्थ व्यवस्था का बोझ आम आदमी पर डाला जा रहा है। केन्द्र की भाजपा सरकार मंहगाई पर लगाम लगाने से पूरी तरह नाकाम हो चुकी है तथा मंहगाई के नाम पर जनता का शोशण कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में बड़े-बड़े वादे करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा उनकी पार्टी के राष्ट्रीय नेता इन वादों को चुनावी जुमला कह कर देश की गरीब जनता का मजाक उड़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केन्द्र में सत्तारूढ़ होने के बाद से ही भारतीय जनता पार्टी की सरकार कुछ बड़े घरानों को पल्लवित-पोषित कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार को आम जनता के दु:ख दर्द से दूर-दूर तक कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुनावों के समय देश की जनता से मंहगाई पर नियंत्रण करते हुये आम आदमी को राहत देने का वायदा करते हैं परन्तु आज मंहगाई घटने के बजाय दिन-दूनी रात चौगुनी वृद्धि कर रही है, जो चिंताजनक है और महंगाई को नियंत्रित करने के लिए केन्द्र सरकार को ठोस कदम उठाने की जरूरत है अन्यथा कांग्रेस इसके लिए आंदोलन करेगी।
