अल्मोडा(संवाददाता)। जनपद के पुलिस कप्तान ने नशा तस्करों को पकडने के लिए ऐसा जाल बुना हुआ है कि जब भी कोई नशा तस्कर जनपद में नशा बेचने के लिए आता है तो पुलिस के हाथ उस तक पहुंच जाते हैं और उसके बाद उसे सलाखों के पीछे पहुंचाकर उसके नेटवर्क को खोजने का मिशन पुलिस कप्तान द्वारा शुरू हो जाता है। 24 घंटे में पुलिस ने जहां एक कार में लाखों रूपये का गांजा बरामद किया वहीं एक नशा तस्कर से स्मैक बरामद कर उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस कप्तान का साफ कहना है कि जो नशा तस्कर दूसरी बार नशा बेचते हुए पकडा जायेगा उसके खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्यवाही कर उसकी सम्पत्ति को भी कुर्क करने का काम किया जायेगा।
पुलिस कप्तान पंकज भट्ट को आज तडके गोपनीय सूचना मिली कि जनपद में एक कार में नशा तस्कर बडी मात्रा में गांजा लेकर आ रहे हैं इस पर पुलिस कप्तान ने अपनी टीम को एलर्ट किया और उन्हें नेल कमान तिराह पर चैकिंग करने के लिए लगाया। सुबह लगभग पौने चार बजे जैसे ही एक कार यूए०7एन-7335 तिराह के पास पहुंची तो पुलिस टीम ने शक के आधार पर उसे रोककर उसकी तलाशी ली तो उसमें सवार मुरादाबाद निवासी पुष्पेन्द्र व जोगेन्द्र कुमार के पास से लाखों रूपये का गांजा बरामद हुआ। पुलिस कप्तान ने बताया कि जल्द अमीर बनने के लालच में कम उम्र के युवक पुष्पेन्द्र व उन्नीस वर्षीय जोगेन्द्र ने नशा तस्करी को अपना व्यवसाय बना लिया वहीं अल्मोडा पुलिस ने बेस तिराहे के पास चैकिंग के दौरान सत्यम् साह को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया जो कि अल्मोडा का ही रहने वाला है और स्कूली छात्र-छात्राओं को बेचने का गुप्त रूप से धंधा कर रहा था जिसे पुलिस ने सलाखो के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस कप्तान ने बताया कि नशा तस्करी करने वालों का अलग से लेखाजोखा रखा जा रहा है और जो तस्कर दूसरी बार नशा बेचते हुए पाया गया उसकी सम्पत्ति का पता लगाकर उसे कुर्क कर दिया जायेगा।
