खेलों में चमकेगी देवभूमि की प्रतिभा

0
8

(स्टाफ रिपोर्टर)
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद में विद्या भारती की ओर से आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2०26 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों से आए खिलाडिय़ों की सहभागिता भारत की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का परिचय देती है। हिमालय के सीमांत क्षेत्रों से लेकर कन्याकुमारी और पूर्वोत्तर राज्यों तक के खिलाडिय़ों का एक मंच पर एकत्र होना लघु भारत की झलक प्रस्तुत करता है। खेल के मैदान में खिलाड़ी एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा और परंपराओं को समझते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीत आगे बढऩे का उत्साह देती है, जबकि हार अपनी कमियों को सुधारकर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती है। जीवन में सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने विद्या भारती के शैक्षिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संस्था शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रही है। ग्रामीण, सीमांत और वंचित क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार में भी संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है। उत्तराखंड सरकार भी खिलाडिय़ों के लिए आधुनिक सुविधाओं, बेहतर प्रशिक्षण और संसाधनों के विस्तार की दिशा में कार्य कर रही है। विशेष रूप से दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढऩे के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने पेरिस पैरालंपिक-2०24 के रजत पदक विजेता निषाद कुमार का उदाहरण देते हुए खिलाडिय़ों को कठिन परिश्रम और लगन से लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि समारोह में भाग लेने वाले विद्यार्थी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन करेंगे। समारोह में विद्या भारती के महामंत्री देशराज शर्मा, सह-संगठन मंत्री यतीन्द्र कुमार शर्मा, अखिल भारतीय खेल संयोजक मुक्तेश बगेशा, महेश गुप्ता, डॉ. विजय पाल सहित अनेक पदाधिकारी, शिक्षक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY