तबादलों की आहट से मच रही हलचल

0
7

चुनाव से पहले बडे़ तबादलों की हो गई तैयारी
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़े फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश सरकार आईएएस, पीसीएस, आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के तबादलों को लेकर व्यापक स्तर पर मंथन कर रही है। चर्चा है कि सरकार किसी भी समय बड़े पैमाने पर तबादलों को हरी झंडी दे सकती है।
सूत्रों की मानें तो सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल को लेकर अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। पहले चरण में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद पुलिस महकमे में आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया जा सकता है। सबसे अधिक निगाहें जिलों में तैनात जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर बैठे अधिकारियों पर टिकी हुई हैं। चर्चा है कि चुनाव से पहले कई जिलों की प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था में बदलाव देखने को मिल सकता है। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस संभावित फेरबदल को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। माना जा रहा है कि सरकार आगामी चुनाव से पहले प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव कर सकती है।
सूत्रों के अनुसार, शासन स्तर पर अधिकारियों की वर्तमान तैनाती, कार्यकाल और प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संभावित बदलावों पर विचार किया जा रहा है। हालांकि किन अधिकारियों का तबादला होगा और किन्हें नई जिम्मेदारी मिलेगी, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल संभावित तबादलों को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल बनी हुई है। अब देखना होगा कि सरकार सबसे पहले आईएएस और पीसीएस अधिकारियों की सूची जारी करती है या प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के तबादलों पर एक साथ फैसला लिया जाता है। तबादलों की चर्चाओं के बीच शासन के आधिकारिक आदेश का इंतजार है।

LEAVE A REPLY