हर जिले में खुलेंगे विज्ञान केंद्र
बागेश्वर में सैकड़ों बाल विज्ञानिकों का संगम
बागेश्वर(स्टाफ रिपोर्टर)। उत्तराखंड के सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों के बच्चों को विज्ञान एवं आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। बागेश्वर के मंडलसेरा स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पांचवें सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जनपदों में विज्ञान एवं नवाचार केंद्र स्थापित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीमांत जनपद विज्ञान महोत्सव और संबंधित कार्यक्रमों के लिए एक करोड़ रुपये देने का ऐलान किया। इसके साथ ही राज्य की स्टीम लैब्स को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जोड़ने और सभी विकासखंडों में एक-एक लैब ऑन व्हील्स स्थापित करने की दिशा में कार्य करने की घोषणा की। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव में चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के 240 चयनित बाल वैज्ञानिक प्रतिभाग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने बाल वैज्ञानिकों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं के उत्तर दिए। उन्होंने बच्चों को नए प्रयोग करने, सवाल पूछने और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के बाल वैज्ञानिक ही भविष्य में देश के वैज्ञानिक, इंजीनियर और शोधकर्ता बनेंगे। विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विद्यालयों में विज्ञान आधारित शिक्षा के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। आधुनिक तकनीक का ज्ञान बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा। उन्होंने बताया कि देहरादून में साइंस सिटी और चंपावत में साइंस सेंटर विकसित किया जा रहा है। विज्ञान और तकनीक के माध्यम से स्मार्ट कृषि, नवाचार और सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने विज्ञान एवं महिला विकास विषय पर सम्मेलन आयोजित करने की बात भी कही।
महोत्सव में विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक कविता हरकोटिया, दीप चंद जोशी, हरिमोहन ऐठाणी और ख्याली दत्त को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, बागेश्वर विधायक पार्वती दास, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, भूपेश उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार, यूकॉस्ट महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार और विद्यालय के प्रधानाचार्य अव्वल सिंह तोपाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं बाल वैज्ञानिक उपस्थित रहे।


/>


/>