मदन हत्याकांड से उठा पर्दा

0
18

पत्नी और आशिक सलाखों के पीछे
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। पुलिस कप्तान के निर्देशन में प्रेमनगर पुलिस ने मांडूवाला में हुई मदन मुखिया की हत्या का बारह घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना देवी और उसके कथित प्रेमी लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के प्रेम संबंधों की जानकारी होने पर मदन की हत्या की साजिश रची गई। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बताया जा रहा चाकू भी बरामद हुआ है।
तीन अक्टूबर को मांडूवाला में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल की खाई में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। थानाध्यक्ष प्रेमनगर गिरीश नेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान मदन मुखिया (38) पुत्र बालेश्वर मुखिया, निवासी ग्राम बोनगांव, जिला सहरसा, बिहार के रूप में हुई। वह वर्तमान में मांडूवाला, झाझरा में रहते थे। उनकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे। घटना की सूचना पर पुलिस कप्तान देहरादून ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के साथ साक्ष्य जुटाए। मकान मालिक सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर थाना प्रेमनगर में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस कप्तान के निर्देश पर गठित अलग-अलग टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। क्षेत्र में रहने वाले मजदूरों का सत्यापन किया गया और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। पुलिस के मुताबिक, तीन अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर बाला सुंदरी मंदिर, मांडूवाला के पास से लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर मीना देवी को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, लल्लन मांडूवाला में किराये पर रहकर मजदूरी करता था। मदन की पत्नी मीना से उसके करीब दो से तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। पूछताछ में लल्लन ने बताया कि घटना से पहले मजदूरी के दौरान मदन ने उसका फोन देखा था। उसमें मीना और लल्लन के फोटो-वीडियो मिलने पर विवाद हुआ। आरोपी का दावा है कि मदन ने दोनों को धमकाया और संबंधों के बारे में सभी को बताने की बात कही। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद मीना और लल्लन ने मिलकर मदन की हत्या की योजना बनाई।
जंगल में हत्या कर खाई में फेंका शव
पुलिस का आरोप है कि मीना अपने पति को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से सटे जंगल में ले गई। मदन के नशे में होने पर दोनों ने चाकू से उनकी हत्या कर दी। इसके बाद शव खाई में फेंक दिया और चाकू पास की झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस ने लल्लन की निशानदेही पर चाकू बरामद किया है।
गिरफ्तार लल्लन शर्मा (23) पुत्र गणेश शर्मा, ग्राम वीरवार, पोस्ट मेनाग्राम, थाना महिषी, जिला सहरसा, बिहार का निवासी है। वह वर्तमान में मांडूवाला लोअर, प्रेमनगर में सुनील टेलर के यहां किराये पर रहता था। दूसरी आरोपी मीना देवी (30) पत्नी मदन मुखिया, ग्राम बोनगांव, थाना महिषी, जिला सहरसा, बिहार की रहने वाली है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष गिरीश नेगी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत, झाझरा चौकी प्रभारी प्रद्युमन सिंह नेगी, उपनिरीक्षक जगदम्बा प्रसाद बहुगुणा, कांस्टेबल रोबिन सिंह, अमरेंद्र, महिला कांस्टेबल सुशीला और चालक जी.एस. सैनी शामिल रहे।

LEAVE A REPLY