केदारनाथ यात्रा पर बारिश का ब्रेक

0
6

चीरबासा में मलबे से रास्ता बंद
केदारनाथ पैदल मार्ग बंद, सोनप्रयाग-गौरीकुंड में रोके गये श्रद्धालु
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा को अकसर उस समय रोका जाता है जब वहां बारिश से भूस्खलन और मलबा रास्ते में आ जाता है और उससे मार्ग अवरूद्व हो जाता है। केदारनाथ मार्ग पर मलबा और पत्थर बार-बार जिला प्रशासन के लिए ंिचता का विषय बने हुये हैं क्योंकि पत्थर और मलबा आने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा खतरे मे पड़ जाती है और उसी के चलते श्रद्धालुओं को सुरक्षाभाव देने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आता है। एक बार फिर केदारनाथ पैदल मार्ग पर पहाड़ी से बरस रहे पत्थरों को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा फिलहाल यात्रा को रोका गया है। चीरबासा में मलबे से रास्ता बंद हो गया और केदारनाथ पैदल मार्ग बंद होने के कारण सोनप्रयाग, गौरीकुंड में श्रद्धालुओं को रोका गया है।
केदारनाथ धाम यात्रा के बीच लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। श्री केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने के कारण पैदल मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। लगातार बारिश के साथ पहाड़ी से पत्थर गिरने का सिलसिला जारी रहने के कारण फिलहाल मार्ग खोलने का प्रयास करना भी सुरक्षित नहीं माना जा रहा है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन और रुद्रप्रयाग पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पैदल यात्रा को फिलहाल रोक दिया है। केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोका गया है, जबकि धाम से वापस लौट रहे यात्रियों को जंगलचट्टी में सुरक्षित स्थान पर रोक दिया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि मौसम और पैदल मार्ग की स्थिति सामान्य होने तथा रास्ता सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। बारिश के दौरान पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लिया जाएगा।
जिला प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मार्ग खुलने की सूचना मिलने से पहले पैदल यात्रा शुरू करने का प्रयास न करें। विशेष रूप से बारिश और पत्थर गिरने के दौरान मार्ग पर आगे बढ़ना खतरनाक हो सकता है। यात्रियों से पुलिस और प्रशासन की ओर से मौके पर दिए जा रहे निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने और सुरक्षित स्थानों पर बने रहने को कहा गया है। केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को अब मौसम साफ होने और चीरबासा के पास अवरुद्ध पैदल मार्ग के सुरक्षित होने का इंतजार करना होगा। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है यात्रा में जल्दबाजी नहीं, श्रद्धालुओं की जान और सुरक्षा सबसे पहले।

LEAVE A REPLY