डोबाल की दहाड़ से हिला सट्टे का साम्राज्य

0
13

सट्टे की बिछी थी बिसात और कप्तान की रडार में फंस गये
विकासनगर(मनोज सैनी)। जनपद के पुलिस कप्तान ने अवैध धंधे करने वालों पर जहां बडा प्रहार शुरू किया हुआ है वहीं उन्होंने सट्टे और जुए के काले खेल को बेनकाब करने के लिए उन पर अपनी रडार लगाई और जब वह इन पर दहाडे़ तो सट्टेबाजों का साम्राज्य हिल गया। राजधानी में ऑपरेशन क्लीन का आगाज हो रखा है और मोबाइल से चल रहा करोडो के सपनों के खेल पर जब पुलिस कप्तान ने वार किया तो हर तरफ धंधेबाजों ने हाहाकार मच गई। अब पुलिस कप्तान की सख्ती से सट्टेबाज कांप रहे हैं और ऑनलाइन सट्टे को सुरक्षित मानने वाले शैतानों के खिलाफ अब पुलिस कप्तान का शिकंजा तेजी से कसता जा रहा है जिससे सट्टेबाजों के लिए अब बच पाना मुश्किल हो रहा है।
जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत विकासनगर पुलिस ने सट्टा और जुए के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग स्थानों पर की गई दो कार्रवाई में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक व्यक्ति सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 18,210 रुपये की नकदी, 52 ताश के पत्ते, सट्टा संचालन में प्रयुक्त डायरी, गत्ता और पेन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पुलिस कप्तान के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में डाकपत्थर चौकी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरामशीन बाड़वाला के समीप सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे यासीन, सूली, असगर अली और बल बहादुर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मौके से 16,650 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद हुए। सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13-जी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर, विकासनगर कोतवाली पुलिस ने सहारनपुर बस स्टैंड के पास मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे शराफत अली को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सट्टे की पॉकेट डायरी, गत्ता, पेन और 1,560 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल के जरिए लोगों से सट्टा लगवाने और जीतने वालों को भुगतान कर कमीशन लेने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। साथ ही सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कहा कि जनपद में अवैध सट्टा, जुआ और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY