जनपद-जनपद पहुंचा रहे करोड़ो की सौगात
हर जिले को गुलजार कर रहे धुरंधर
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री ने साफ संकेत दे दिए हैं कि प्रदेश में विकास का अभियान अब किसी भी कीमत पर थमने वाला नहीं है। राज्यभर में लगातार दौरे, जनसभाएं, लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों के जरिए मुख्यमंत्री विकास को चुनावी बहस का सबसे बड़ा मुद्दा बनाने में जुटे हैं। उनका स्पष्ट संदेश है कि उत्तराखण्ड अब ठहराव नहीं, बल्कि तेज गति से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के हर जनपद में पहुंचकर करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दे रहे हैं। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन और रोजगार से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने का अभियान लगातार जारी है। सरकार का दावा है कि जिन क्षेत्रों में वर्षों तक विकास की किरण नहीं पहुंची, वहां आज नई परियोजनाएं आकार ले रही हैं। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुके हैं। विकास कार्यों की रफ्तार और लगातार जनसंपर्क के जरिए वह जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री कई मंचों से यह कह चुके हैं कि यदि जनता ने एक बार फिर विश्वास जताया तो उत्तराखण्ड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
वहीं विपक्ष लगातार सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री धामी विकास कार्यों और योजनाओं को अपना सबसे बड़ा जवाब बता रहे हैं। प्रदेशभर में हो रहे शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रमों को भाजपा आगामी चुनावों से पहले अपनी बड़ी उपलब्धि के रूप में जनता के सामने रख रही है। चुनावी माहौल बनने से पहले ही मुख्यमंत्री धामी ने विकास की रफ्तार को और तेज कर दिया है। सरकार और संगठन के संयुक्त प्रयासों के साथ भाजपा 2027 की चुनावी रणभूमि में उतरने की तैयारी कर चुकी है। ऐसे में आने वाले दिनों में विकास, सुशासन और जनविश्वास ही उत्तराखण्ड की राजनीति का सबसे बड़ा मुद्दा बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री का संदेश साफ हैकृ विकास का यह सफर रुकने वाला नहीं, उत्तराखण्ड को नई बुलंदियों तक पहुंचाना ही सरकार का लक्ष्य है।