विकासनगर(मनोज सैनी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड को माफियाओं से मुक्त कराने का जो संकल्प ले रखा है उसे धरातल पर उतारने के लिए राजधानी के पुलिस कप्तान ने अपने कदम आगे बढा लिये है और उनका साफ कहना है कि मुख्यमंत्री के राज में राजधानी के अंदर एक भी माफिया नहीं पनप पायेगा। जनपद के पुलिस कप्तान अजय सिंह ने आज पछवादून इलाके में जाकर वहां का अभेद खाका तैयार किया है और हिमाचल और सहारनपुर से लगते बॉर्डर को अचूक बनाने के लिए उन्होंने कोतवाल व थाना प्रभारियों को सख्त आदेश दिये है। बॉर्डर की चौकियों पर सीसीटीवी कैमरों को अचूक बनाने और वहां अभेद चैकिंग करने का आदेश दिया साथ ही उन्होंने थाने व चौकियों में लगे प्रचार के सभी बोर्डों को हटाने का फरमान जारी किया और यहां तक कहा कि थाने चौकियां प्रचार का कोई अड्डा नहीं है जहां कोई भी अपने प्रचार के बोर्ड लटका दे। पुलिस कप्तान ने जनपद के सभी थाना व चौकी प्रभारियों को आदेश दिये है कि वह प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की ऑफिशियल फोटो लगायें और उन्होंने सम्प्रदायिक क्षेत्रों पर भी चौकन्नी नजर रखने के आदेश दिये। पुलिस कप्तान ने कहा कि किसी भी नशा तस्कर व खनन माफिया को बख्शा नहीं जायेगा और थाने व चौकियों में आने वाले फरियादियों के साथ पुलिस मधुरता के साथ हमेशा व्यवहार करें इसका शत प्रतिशत पालन होना चाहिए। कप्तान ने आवाम के बीच चौपाले लगाकर उनके दर्द को सुनने के लिए सभी कोतवालों व थाना प्रभारियों को आदेश दिये है और कहा है कि राजधानी में मित्र पुलिस का सपना पूरा किया जायेगा और राज्य के मुख्यमंत्री ने नशा मुक्त राज्य का जो सपना देखा है उसे धरातल पर उतारा जायेगा।
नए पुलिस कप्तान द्वारा कार्यभार ग्रहण करते ही नशा तस्करों को पकडऩा अपनी पहली प्राथमिकता बताया था। इसी बात को अमल करते हुए जिले के सभी थाना-चौकी पुलिस द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। आज पुलिस कप्तान देहरादून द्वारा कोतवाली विकासनगर व कुल्हाल चौकी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कप्तान द्वारा सभी चौकी व थाना पुलिस को नशा तस्करों पर सख़्त कानूनी कार्रवाही करने के निर्देश दिए, इसके साथ ही स्ट्रीट क्राईम में महिला सुरक्षा जिसमें महिलाओं से होने वाली छेड़छाड़, चौन स्नैचिंग सहित माफियाओं पर कार्यवाही करने के भी आदेश सभी को दिए। औचक निरीक्षण के समय कप्तान द्वारा सभी थाना-चौकी प्रभारियों को लंबित पुराने मामलों को जल्द से जल्द दूर करने और नए मामलों पर त्वरित कार्यवाही किए जानें के आदेश भी दिए। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही सभी लोगों को सुरक्षा मुहैया कराना पुलिस की नैतिक जिम्मेदारी है जैसे देहरादून पुलिस द्वारा लगातार निभाया जा रहा है।
