देहरादून(नगर संवाददाता)। आम आदमी पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश संगठन सह समन्वयक डी के पाल ने कहा है कि दून सहित पूरे उत्तराखंड में फैले डेंगू और सरकार व नगर निगम की नाकामी को लेकर 27 सितम्बर को उत्तराखंड स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय घेराव किया जायेगा। उन्होंने कहा कि वहीं फॉगिंग के नाम पर नगर निगम केवल धुंआ उड़ा रहा है। यहां पार्टी के प्रकाश विहार स्थित प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने बताया कि देहरादून नगर निगम और मेयर गहरी नींद में सोए हुए हैं और जनता अस्पताल व ब्लड बैंक के चक्कर काटकर परेशान हो रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम इस ओर ठोस पहल नहीं कर पा रहा है और जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम देहरादून व मेयर जनता के पैसे से फॉगिंग के नाम पर सिर्फ धुंआ उड़ा रहे हैं और लेकिन इससे मच्छर भी नहीं मर रहे है और दून के तमाम वार्डो में फॉगिंग के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है और जनता को डेंगू से बचाव के लिए कोई जागरूकता अभियान तक नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को इस मामले पर ठोस पहल करने की जरूरत है और आवश्यकता पड़ी तो नगर निगम के खिलाफ भी मोर्चा खोला जायेगा।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष उमा सिसोदिया ने कहा कि वहीं दूसरी तरफ पूरे उत्तराखंड में डेंगू, रहस्यमयी बुखार अपने पैर पसार रहा है और स्वास्थ्य विभाग सिर्फ खानापूर्ति करने लगा है, जिसको लेकर आम आदमी पार्टी लगातार हर स्तर पर अपनी चिंता जाहिर करती आ रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सरकार डेंगू को रोकने में पूरी तरह नाकाम रही है, उन्होंने कहा कि एक तरफ राजधानी देहरादून में अस्पतालों, ब्लड बैंक आदि जगह अफरा तफरी का माहौल है, लेकिन इस ओर ठोस पहल नहीं की जा रही है और नगर निगम की इस प्रकार की कार्यशैली का पुरजोर विरोध किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य महानिदेशक के कार्यालय का घेराव कर और मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा जाएगा और उसके बाद आम आदमी पार्टी का एक प्रतिनिधि मंडल राज्यपाल से भी मुलाकात का समय मांगेगा ताकि उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को जल्द ठीक किया जाए एवं सरकारी उदासीनता के विरोध व जनता में भी जागरूकता अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में सुशील सैनी, मोहित भट्ट, प्रीति भट्ट, सतीश शर्मा आदि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
